कल से बदल सकता है मौसम, आने वाले दिनों में बढ़ेगा गर्मी का असर
Haryana Weather Update (आज समाज), चंडीगढ़ : उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में तापमान में तेजी से वृद्धि हो रही है। अभी आधी फरवरी ही गुजरी है लेकिन हरियाणा में तापमान 30 डिग्री तक पहुंच गया है। बढ़ती गर्मी से जहां लोग अभी से परेशान हो रहे हैं वहीं आने वाले दो से तीन दिन तक आंशिक राहत की उम्मीद है। भारतीय मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए बुलेटिन की बात करें तो कल यानि मंगलवार से एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है। इसके प्रदेश में 17 फरवरी को सक्रिय होने की संभावना है।
17-18 फरवरी को हल्की बारिश की संभावना
इससे 17-18 फरवरी के दौरान सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, पलवल, फरीदाबाद और मेवात में बिखराव वाली हल्की बारिश की संभावना बन रही है। मगर इसके बाद गर्मी में लगातार बढ़ोतरी होगी। इन जिलों के अलावा शेष हरियाणा विशेषकर उत्तरी और पूर्वी हरियाणा में पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरूक्षेत्र, कैथल, जींद, करनाल, पानीपत और सोनीपत में केवल आंशिक बादल छाए रहेंगे। इस पश्चिमी विक्षोभ के बाद हवाओं की दिशा बदल जाएगी और तापमान में वृद्धि होगी और सामान्य से अधिक होने लगेंगे। दिन के तापमान 30.0 डिग्री सेल्सियस से 35.0 डिग्री सेल्सियस के बीच, जबकि रात्रि तापमान भी 10.0 डिग्री सेल्सियस से 15.0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएंगे।
पलवल में तापमान सबसे ज्यादा रहा
रविवार को प्रदेश के पलवल में सबसे ज्यादा तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान भी बढ़ने लगा है। रविवार को अंबाला का न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग की माने तो आने वाले दिनों में ठंड समाप्त हो जाएगी तथा गर्मी की दस्तक पूरे प्रदेश में हो जाएगी।
फसलों के लिए नुकसानदायक है बढ़ता तापमान
कृषि विशेषज्ञों का कहना है फरवरी में ही इतनी ज्यादा गर्मी पड़ना और तापमान का इस तरह से बढ़ना फसलों विशेषकर गेहूं की फसल के लिए नुकसान दायक है। उनका मानना है कि गेहूं को अभी कम से कम 15 दिन 25 डिग्री के आसपास तापमान रहने की जरूरत है लेकिन प्रदेश का तापमान अभी से 30 डिग्री तक पहुंच चुका है। आने वाले दिनों में इसके और भी ज्यादा होने की संभावना है। यदि ऐसा होता है तो गेहूं के उत्पादन पर प्रतिकूल असर होगा और यह कम रह सकता है।


