Haryana News: दीवाली पर PGI चंडीगढ़ की विशेष व्यवस्था, अस्पताल में 24 घंटे होगा आंखों की चोट का इलाज

0
143

Haryana News: दीवाली पर पटाखे जलाते समय आंखों में चोट लगने की आशंका को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ ने 24 घंटे चिकित्सा की व्यवस्था की है। संस्थान के एडवांस्ड आई सेंटर में 8 से 10 नवंबर तक आंखों से संबंधित आपातकालीन मामलों के लिए 24 घंटे इलाज उपलब्ध रहेगा। इसके लिए नेत्र रोग विभाग ने डॉक्टरों की विशेष टीमें तैनात करने के साथ अलग ड्यूटी रोस्टर तैयार किया है।

विभाग की प्रोफेसर एवं अध्यक्ष प्रो. उषा सिंह ने बताया कि त्योहार के दौरान किसी भी मरीज को आपातकालीन उपचार के लिए इंतजार न करना पड़े, इसके लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।

आपातकालीन सेवा

24 घंटे इलाज: 8 से 10 नवंबर तक एडवांस्ड आई सेंटर में आंखों से संबंधित आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। रेजिडेंट डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई गई है। वे ऑन-कॉल कंसल्टेंट की सलाह से मरीजों का उपचार करेंगे। ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों को एडवांस्ड आई सेंटर में शारीरिक रूप से मौजूद रहने के निर्देश दिए गए हैं। दीवाली के दौरान आंखों में चोट के मामलों, चोट की प्रकृति और दिए गए उपचार का पूरा रिकॉर्ड रखा जाएगा। दिवाली से असंबंधित आंखों के आपातकालीन मामलों में भी मरीजों को छुट्टी मिलने या संबंधित क्लिनिक में स्थानांतरित होने तक उपचार जारी रहेगा।

पटाखे जलाते समय इन बातों का रखें ध्यान

प्रो. उषा सिंह ने कहा कि पटाखों से आंखों में लगने वाली चोट कई बार गंभीर और स्थायी नुकसान पहुंचा सकती है। उन्होंने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की।

  • खतरनाक पटाखे जलाने से बचें।
  • पटाखे जलाते समय सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
  • बच्चों को अकेले पटाखे न जलाने दें।
  • आंख में चोट लगने पर तुरंत डॉक्टर के पास जाएं।
  • घायल आंख को रगड़ें नहीं और उस पर दबाव न डालें।
  • आंख में घरेलू नुस्खे या बिना चिकित्सकीय सलाह के दवा का इस्तेमाल न करें।
  • आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क- मोबाइल नंबर : 9814014464, एडवांस्ड आई सेंटर इमरजेंसी : 6117
  • TAGS
  • [post_tags]