Jind News(आज समाज नेटवर्क) जींद। राजकीय रेलवे पुलिस ने वीरवार को रेलवे स्टेशन पर साइबर ठगी को लेकर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान रेलयात्रियों को साइबर फ्रॉड के बारे में जागरूक किया। थाना प्रभारी जीत सिंह ने रेलयात्रियों को जागरूक करते हुए कहा कि ऑनलाइन टिकट बुकिंग, रिफंड, कन्फर्मेशन कॉल या मैसेज के नाम पर ठग सक्रिय हैं, जो फर्जी लिंक और कॉल के जरिए लोगों से निजी जानकारी हासिल कर लेते हैं। अभियान के दौरान यात्रियों को समझाया गया कि वे किसी भी अनजान कॉलए मैसेज या लिंक पर भरोसा न करें।
टिकट कैंसिलेशन या रिफंड के लिए केवल रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या अधिकृत एप का ही उपयोग करें। उन्होंने बताया कि ओटीपी, बैंक डिटेल, एटीएम पिन या यूपीआई से जुड़ी जानकारी किसी के साथ साझा न करें। चाहे सामने वाला खुद को रेलवे कर्मचारी ही क्यों न बताए। उन्होंने यात्रियों को साइबर हेल्पलाइन नंबर और ऑनलाइन शिकायत प्रक्रिया की भी जानकारी दी। यदि किसी यात्री के साथ साइबर ठगी होती है तो तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें या पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। इस अवसर पर एएसआई कविता, एएसआई जितेंद्र और एसपीओ सुरेंद्र रेढू भी मौजूद रहे।


