- नीट परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क, छह केंद्रों पर तीन हजार 18 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा
- नीट परीक्षा के सफल आयोजन को लेकर एडीसी ने अधिकारियों के साथ किया मंथन
- सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा को लेकर जारी एसओपी की पालना करें सुनिश्चित: एडीसी
Jind News(आज समाज नेटवर्क) जींद। आगामी 21 जून को दोपहर बाद दो बजे से पांच बजकर 15 मिनट तक आयोजित होने वाली नीट परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां तेज कर दी हैं। नीट परीक्षा को लेकर जिले में कुल छह परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। जहां तीन हजार 18 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इनमें राजकीय कॉलेज में 600 परीक्षार्थी, चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय के स्वामी विवेकानंद ब्लॉक में 594 और सीवी रमन ब्लॉक में 528 परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। भारत सिनेमा के पास स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 408 परीक्षार्थी, स्थानीय डिफेंस कॉलोनी स्थित गल्र्स मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 312 परीक्षार्थी, पीआईजी कॉलेज फॉर वूमेन में 576 परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा दिलवानी सुनिश्चित की गई है।
नीट परीक्षा को लेकर एडीसी ने किया अधिकारियों से मंथन
एडीसी प्रदीप कुमार ने शुक्रवार को लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।एडीसी ने बताया कि सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से रहते पूरी कर ली जाएं ताकि किसी भी परीक्षार्थी को कोई असुविधा न हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, बैठने की उचित व्यवस्था और साफ.सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। इसके साथ ही बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित हो। इसी प्रकार उन्होंने पुलिस विभाग के अधिकारियों को कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में महिला व पुरुष पुलिस बल की तैनाती की जाए और किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोकने के लिए सख्त इंतजाम किए जाएं।
उन्होंने परिवहन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि दूरदराज से आने वाले परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए बस अड्डा से परीक्षा केंद्रों तक सीटी बसों व अन्य यातायात साधनों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी परीक्षा केंद्रों पर प्राथमिक चिकित्सा सुविधा एम्बुलेंस के साथ उपलब्ध करवाई जाए तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल टीम तैयार रखी जाए।
समय-समय पर तैयारियों की समीक्षा की जाए ताकि परीक्षा शांतिपूर्णए निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए सीसीटीवी निगरानीए बायोमेट्रिक सत्यापन तथा अन्य आवश्यक तकनीकी प्रबंध समय रहते पूरे हो। एडीसी ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश देते हुए कहा कि समय-समय पर तैयारियों की समीक्षा की जाए ताकि परीक्षा शांतिपूर्णए निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। परीक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर एसडीएम सत्यवान मान, सीटीएम मोनिका रानी, जीएम रोडवेज राहुल जैन, डीएसपी संदीप कुमार, जिला नोडल अधिकारी एनटीए सुरेंद्र सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


