Rewari News : पुलिस ने सुलझाई अज्ञात व्यक्ति के ब्लाइंड मर्डर की गुत्त्थी, दो गिरफ्तार

0
152
Police solved the mystery of blind murder of an unknown person, two arrested
युवक की हत्या करने के आरोपी पुलिस गिरफ्त में तथा जानकारी देते डीएसपी संजीव बल्हारा।
  • शराब पीने के दौरान हुए विवाद के बाद दोनों साथियों ने ही तेज धारदार हथियार से किया हमला
  • दोनों आरोपियों का रहा है पुराना अपराधिक रिकार्ड, कई मामले हैं दर्ज

Rewari News(आज समाज नेटवर्क)रेवाड़ी। थाना शहर पुलिस ने गत 24 जून को स्थानीय रेलवे चौक के पास एक अज्ञात व्यक्ति की हत्या की गुत्थी को सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान मुकेश उर्फ चौटाला निवासी गांव मांडण, जिला कोटपुतली बहरोड़ राजस्थान और सुखबीर निवासी गांव कापड़ीवास के रूप में हुई है।

डीएसपी संजीव बल्हारा ने शुक्रवार को पत्रकारवार्ता में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गत 24 जून को रेवाड़ी के रेलवे चौक पर ट्रैफिक ड्यूटी में तैनात होमगार्ड प्रीतम ने पुलिस को सूचना दी कि सुबह करीब आठ बजे उसने सक्सेना नर्सिंग होम की तरफ से एक अज्ञात व्यक्ति को जख्मी हालत में पैदल आते हुए देखा। उसके पेट व छाती पर किसी तेजधार हथियार से वार किए जाने के गहरे निशान थे। वह व्यक्ति उस समय अत्यधिक शराब के नशे में लग रहा था।

दोनों आरोपी अक्सर रेलवे चौक के आसपास नशे की हालत में घूमते रहते थे 

होमगार्ड ने तुरंत डायल-112 पर कॉल किया और आमजन की सहायता से गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को एम्बुलेंस के जरिए उपचार के लिए उसे ट्रामा सेंटर रेवाड़ी भेजा। जिसकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।होमगार्ड प्रीतम ने पुलिस को बताया कि घटना से महज 10 मिनट पहले उसने इस अज्ञात व्यक्ति को मुकेश उर्फ चौटाला और सुखबीर के साथ राधिका सिनेमा हॉल के सामने से सक्सेना नर्सिंग होम की तरफ जाते देखा था। ये दोनों आरोपी अक्सर रेलवे चौक के आसपास नशे की हालत में घूमते रहते हैं, जिसके कारण वह उन्हें पहचानता था।

जब पुलिस ने अपने स्तर पर इस बारे में और पूछताछ की, तो सामने आया कि आरोपी मुकेश उर्फ चौटाला और सुखबीर ने शराब पीने के दौरान हुए किसी विवाद के चलते उस अज्ञात व्यक्ति पर तेजधार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी थी।जिस पर पुलिस ने थाना शहर में हत्या का मामला दर्ज करके वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर दोनों आरोपियों मुकेश उर्फ चौटाला और सुखबीर को दबोच लिया। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर शिनाख्त के लिए उसे शवगृह में रखवा दिया है और मृतक की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

आरोपियों का रहा है पुराना आपराधिक रिकॉर्ड 

डीएसपी संजीव बल्हारा ने बताया कि पकड़े गए दोनों आरोपी शातिर और आदतन अपराधी हैं। जिन पर पहले से ही हरियाणा और राजस्थान के विभिन्न थानों में संगीन मामले दर्ज हैं। आरोपी मुकेश उर्फ चौटाला के खिलाफ पहले भी थाना जीआरपी रेवाड़ी, जीआरपी हिसार, सिटी भिवानी, राजस्थान के जिला अजमेर व बहरोड़ में आर्म एक्ट, एक्साइज एक्ट, चोरी व मारपीट के 11 मामले दर्ज है। इसी प्रकार आरोपी सुखबीर के खिलाफ भी थाना धारूहेड़ा, सेक्टर-6 धारूहेड़ा, सदर नारनौल व गुरुग्राम के थाना मानेसर में हत्या के प्रयास, आर्म एक्ट, लूट, चोरी व मारपीट के 4 मामले दर्ज है।