मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, पूरे प्रदेश में अच्छी बारिश की संभावना
Haryana Weather Update (आज समाज), चंडीगढ़ : पिछले कुछ दिन से बारिश की राह देख रहे प्रदेशवासियों के लिए मौसम विभाग ने अच्छी सूचना जारी की है। दरअसल हरियाणा में आने वाले दो दिन में मानसून की एंट्री के साथ ही अच्छी बारिश की संभावना जताई गई है।
मानसून आने वाले 48 घंटे में पूरे प्रदेश को कवर कर लेगा। इसके साथ ही पूरे प्रदेश में मध्यम से लेकर भारी बारिश की संभावना जताई गई है। आज गुरुवार को भी हरियाणा में हिसार, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, कुरुक्षेत्र, पानीपत, सोनीपत, करनाल, गुरुग्राम और फतेहाबाद में बारिश हुई।
दो दिन देरी से दी मानसून ने दस्तक
मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए आंकड़ों की बात करें तो 12 साल में यह दूसरा मौका है जब मानसून 48 घंटे देरी से पहुंचा है। आमतौर पर हरियाणा में 29 जून को मानसून की एंट्री हो जाती है। इससे पहले साल 2014 में भी 1 जुलाई को मानसून की एंट्री हुई थी। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 48 घंटे में मानसून पूरे प्रदेश को कवर कर लेगा। 7 जुलाई तक बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में भी अच्छी बारिश की संभावना
आज अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पंचकूला और चंडीगढ़ के आस-पास के इलाकों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश चेतावनी जारी की गई है। दक्षिण और पश्चिमी हरियाणा के हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, रोहतक, गुरुग्राम, फरीदाबाद और पलवल में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। फतेहाबाद के भूना क्षेत्र के गांव दहमन में बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक डेरी की इमारत क्षतिग्रस्त हो गई। मलबे के नीचे 30 भैंस और 8 गाय दब गईं।
ये भी पढ़ें : Delhi Weather Update : दिल्ली में तेज बारिश से मिली गर्मी से राहत


