मानसून पूरी तरह होगा सक्रिय, अच्छी बारिश से खरीफ की फसलों को होगा लाभ
Haryana Weather (आज समाज), चंडीगढ़ : आखिरकार लंबे इंतजार के आद हरियाणा पर इंद्र देव मेहरबान होने जा रहे हैं। भारतीय मौसम विभाग की चंडीगढ़ शाखा ने आने वाले दिनों के लिए मौसम को लेकर जो अपडेट जारी किया है। उसके अनुसार प्रदेश में भारी बारिश का दौर आज से शुरू हो जाएगा। जोकि 11 जुलाई तक लगातार जारी रहेगा। इस दौरान प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम के बीच सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि गरज-चमक के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें। तेज हवा और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए सुरक्षित स्थानों पर रहने तथा मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा अपडेट और चेतावनी का पालन करने की सलाह दी गई है।
आज इन जिलों के लिए अलर्ट जारी
मौसम विभाग के अनुसार, 6 जुलाई को पंचकूला और यमुनानगर जिलों के अलग-अलग क्षेत्रों में भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है। हालांकि अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी और चरखी दादरी जिलों के लिए किसी प्रकार की भारी बारिश की चेतावनी जारी नहीं की गई है।
आठ जुलाई को लगभग पूरे Haryana में बारिश की संभावना
6 और 10 जुलाई को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी। वहीं 7, 9 और 11 जुलाई को बारिश का दायरा बढ़कर कई जिलों तक पहुंच जाएगा। सबसे अधिक बारिश 8 जुलाई को होने की संभावना है। इस दिन प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने का अनुमान है। लगातार बारिश के चलते निचले इलाकों में जलभराव, यातायात प्रभावित होने और छोटे नालों व बरसाती नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी की स्थिति बन सकती है।
बारिश से गर्मी और उमस से मिलेगी राहत
मौसम विभाग ने यह भी बताया कि मानसूनी गतिविधियों के कारण अगले कुछ दिनों तक तापमान में अधिक बढ़ोतरी की संभावना नहीं है। रविवार को जारी आंकड़ों के अनुसार प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में पिछले दिन की तुलना में लगभग 1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, लेकिन तापमान अभी भी सामान्य के आसपास बना हुआ है।
ये भी पढ़ें : Mumbai Weather : मुंबई में जानलेवा हुई बारिश, आठ की मौत


