Haryana Cleaning Staff Strike: हरियाणा में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल 21 दिन बाद भी खत्म नहीं हुई है। मांगों पर सहमति नहीं बनने के कारण कर्मचारी संगठनों ने कई जिलों में हड़ताल को 30 अगस्त तक बढ़ा दिया है। लंबे समय से सफाई न होने के कारण शहरों के डंपिंग प्वाइंट और प्रमुख सड़कों पर कचरे के ढेर नजर आ रहे हैं। प्रशासन की ओर से कचरा उठाने की कोशिश की गई, तो कई जगहों पर हड़ताली कर्मचारियों और पुलिस के बीच टकराव हुआ।
झज्जर में रातभर चला कचरा उठाने का अभियान
झज्जर में प्रशासन ने रातभर अभियान चलाकर शहर के अलग-अलग डंपिंग प्वाइंट से करीब 125 टन कचरा उठवाया। इस दौरान कचरा उठाने का विरोध कर रहे कर्मचारियों और पुलिस के बीच विवाद की स्थिति बनी। भगत सिंह चौक पर प्रदर्शनकारियों ने जेसीबी की चाबी छीनने और चालक से मारपीट का प्रयास किया। पुलिस ने हल्के बल का इस्तेमाल कर प्रदर्शनकारियों को हटाया और कुछ कर्मचारियों को हिरासत में लिया। कुछ कर्मचारियों ने कूड़े से भरी थैलियां पुलिस की ओर भी फेंकीं। हिरासत में लिए गए कर्मचारियों को बस में बैठाकर रात करीब 1:15 बजे तक शहर में घुमाया गया। सुबह उन्हें छोड़ दिया गया। इसके बाद 109 कर्मचारी नगर परिषद कार्यालय में दोबारा धरने पर बैठ गए। शाम को कर्मचारियों ने आंबेडकर चौक पर प्रदर्शन किया।
हांसी में पुलिस बस को घेरकर साथियों को छुड़ाया
हांसी में भी वैकल्पिक व्यवस्था के तहत कचरा उठाने को लेकर स्थिति तनावपूर्ण रही। एजेंसी कर्मचारियों और पुलिस की मौजूदगी में कचरा उठाने की कोशिश का हड़ताली कर्मचारियों ने विरोध किया। बस स्टैंड के पास कचरे से भरी ट्राली को रोककर कचरा सड़क पर डाल दिया गया। पुलिस से नोकझोंक के बाद कई कर्मचारियों को हिरासत में लिया गया। नगर परिषद कार्यालय के बाहर कट्टों में कचरा डालने की घटना की भी शिकायत सामने आई। अधिकारियों ने सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद कुछ सफाई कर्मचारियों पर कचरा डालने का आरोप लगाया। बाद में काली देवी क्षेत्र में फिर विवाद हुआ, जहां करीब 20 से 22 महिला और पुरुष कर्मचारियों को हिरासत में लिया गया। इसके बाद आंदोलनकारियों ने जींद रोड पर पुलिस बस को घेर लिया और अपने साथियों को छुड़ा लिया।
अलग-अलग जिलों में बिगड़ी सफाई व्यवस्था
अंबाला: नगर परिषद अंबाला सदर के 250 सफाई कर्मचारी छह अगस्त से हड़ताल पर हैं। फिलहाल 125 कर्मचारियों के जरिए व्यवस्था संभालने की कोशिश की जा रही है। बाजारों से कचरा उठाने के लिए 15 ट्रैक्टर-ट्रालियां लगाने की योजना है। व्यापारिक संगठनों से डस्टबिन में कचरा डालने की अपील की गई है। यहां फिलहाल हड़ताल 26 अगस्त तक घोषित थी, जिसके बाद प्रदेश कार्यकारिणी आगे का फैसला करेगी।
यमुनानगर: गुलाबनगर में कचरे से भरे डंपर को सड़क पर खाली किए जाने को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि डोर-टू-डोर और डंपिंग प्वाइंट से कचरा उठाने वाले एजेंसी कर्मचारियों पर हड़ताल में शामिल होने का दबाव बनाया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली।
फतेहाबाद: वार्ड-20 में कचरा जमा होने से लोगों ने नाराजगी जताई। खेमाखाती में दुकानदारों ने खुद वाहन बुलाकर कचरा उठवाया। टोहाना में व्यापारियों और सामाजिक संगठनों ने बाइक रैली निकालकर प्रदर्शन किया। कर्मचारी संगठन के प्रदेशाध्यक्ष नरेश शास्त्री ने हड़ताल को 30 अगस्त तक बढ़ाने की घोषणा की।
सिरसा: बलिदानी भगत सिंह पार्क के पास कचरा उठाने पहुंचे लोडर को कर्मचारियों ने रोक दिया। कालांवाली में डोर-टू-डोर कचरा उठाने वाले वाहनों का विरोध किया गया। डबवाली में जेसीबी से कचरा उठाने पहुंचे ठेकेदार के कर्मचारी को रोकने के बाद मशीन वापस लौट गई।
कैथल: यहां हड़ताल 30 अगस्त तक बढ़ा दी गई है। कैथल के अलावा पूंडरी, कलायत, राजौंद, सीवन और गुहला-चीका में करीब 1200 टन कचरा जमा होने का दावा किया गया है। करनाल, ढांड, अंबाला और पटियाला रोड समेत कई प्रमुख मार्गों पर कचरे के ढेर लगे हैं।
रोहतक: सफाई कर्मचारियों ने आंदोलन 30 अगस्त तक जारी रखने का फैसला किया है। किसान नेताओं, पटवारी-कानूनगो संगठन समेत कई संगठनों ने भी कर्मचारियों के आंदोलन को समर्थन दिया है। कर्मचारियों का कहना है कि मांगों का समाधान होने तक हड़ताल जारी रहेगी।
चरखी दादरी: कर्मचारियों ने कूड़े से भरा वाहन झाड़ू सिंह चौक पर खाली कर प्रदर्शन किया। नगर परिषद कार्यालय में धरना देने के बाद कर्मचारी लघु सचिवालय पहुंचे और सीटीएम को मांगपत्र सौंपा। पार्षदों, कर्मचारी संगठनों और किसान सभा ने आंदोलन को समर्थन दिया।
जींद: ठेकेदार की ओर से कचरा उठाने का काम शुरू किए जाने पर हड़ताली कर्मचारी अमरहेड़ी रोड पहुंचे और काम रुकवा दिया। डोर-टू-डोर कचरा उठाने वाले वाहन चलते रहे। नालों की सफाई प्रभावित होने से बारिश के दौरान जलभराव और अन्य समस्याएं बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
हिसार: नगर निगम के 667 सफाई कर्मचारी हड़ताल पर हैं। मंगलवार देर रात कचरा उठाने के दौरान करीब 50 लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया, जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया। बुधवार को दिल्ली रोड समेत कुछ इलाकों से कचरा उठाया गया।
कुरुक्षेत्र: प्रशासन ने रात के समय कई स्थानों से कचरा उठवाया। जिले में 408 नियमित, पे-रोल और कौशल कर्मचारियों में से 268 के हड़ताल में शामिल होने की जानकारी सामने आई है। कई संस्थाओं ने लघु सचिवालय के बाहर प्रदर्शन कर कर्मचारियों के समर्थन में ज्ञापन सौंपा।
मांगों के समाधान पर टिकी आंदोलन की दिशा
तीन सप्ताह से जारी हड़ताल के कारण एक ओर नगर निकायों पर सफाई व्यवस्था बहाल करने का दबाव बढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर वैकल्पिक व्यवस्था लागू करने को लेकर प्रशासन और कर्मचारियों के बीच टकराव की घटनाएं सामने आ रही हैं। कर्मचारी संगठन मांगों के समाधान तक आंदोलन जारी रखने की बात कह रहे हैं। अब 30 अगस्त तक हड़ताल बढ़ाए जाने के बाद सभी की नजर सरकार और कर्मचारी संगठनों के बीच होने वाली अगली बातचीत पर है।


