Haryana ₹657 Crore Bank Fraud Case: हरियाणा के करीब 657 करोड़ रुपये के बैंक घोटाले की जांच कर रही CBI को अब कुछ ऐसे सुराग मिले हैं, जिनसे मामले की जांच सिर्फ बैंक खातों और पैसों की हेराफेरी तक सीमित नहीं रह गई है। CBI की चार्जशीट में तीन महिलाओं के बयान दर्ज हैं, जिनमें महंगी पार्टियों, होटल में ठहरने और महिला डांसरों को बुलाने से जुड़ी बातें सामने आई हैं। CBI का आरोप है कि कुछ सरकारी अधिकारियों, बैंक अधिकारियों और निजी लोगों ने मिलकर सरकारी पैसों को गलत तरीके से दूसरी जगह भेजा। जांच एजेंसी अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस घोटाले से जुड़े लोगों को इसके बदले क्या-क्या फायदे मिले।
657 करोड़ रुपये का मामला क्या है?
सबसे पहले इस पूरे मामले को आसान भाषा में समझिए। CBI के मुताबिक हरियाणा सरकार के अलग-अलग विभागों के बैंक खातों में मौजूद सरकारी पैसे को गलत तरीके से दूसरी जगह भेजा गया। इस पूरे मामले में हरियाणा से जुड़े फंड डायवर्जन की रकम करीब 504 करोड़ रुपये बताई गई है, जबकि चंडीगढ़ से जुड़े मामले में करीब 153 करोड़ रुपये की रकम सामने आई है। दोनों मामलों को मिलाकर यह आंकड़ा करीब 657 करोड़ रुपये पहुंचता है। CBI ने इस मामले में सरकारी अधिकारियों के साथ-साथ बैंक अधिकारियों और कई अन्य लोगों को भी आरोपी बनाया है।
रिभव ऋषि पर क्या आरोप है?
CBI की जांच में रिभव ऋषि का नाम प्रमुखता से सामने आया है। वह IDFC First Bank की चंडीगढ़ स्थित सेक्टर-32 शाखा में ब्रांच मैनेजर था। CBI का आरोप है कि सरकारी विभागों के खाते इस शाखा में लाने और बाद में पैसों के संदिग्ध ट्रांसफर में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका थी। जांच एजेंसी यह भी पता लगा रही है कि सरकारी पैसे की हेराफेरी से जुड़े लोगों के बीच किस तरह के आर्थिक और निजी संबंध थे।
तीन महिलाओं ने CBI को क्या बताया?
CBI की चार्जशीट में तीन महिलाओं के बयान दर्ज हैं। उनकी पहचान W-1, W-2 और W-3 के रूप में की गई है। इन महिलाओं ने CBI को पार्टियों और कुछ अधिकारियों से जुड़े अपने अनुभव बताए हैं। W-1 के मुताबिक जीरकपुर में पार्टियां आयोजित की जाती थीं और उसे महिला डांसरों को बुलाने की जिम्मेदारी दी जाती थी। पार्टियों में डांस के अलावा कुछ महिलाएं मेहमानों के साथ प्राइवेट टाइम भी बिताती थीं। कुछ पार्टियों पर 2.5 करोड़ से 3 करोड़ रुपये तक खर्च होने की बात कही गई थी। उसने पार्टियों में पैसे उड़ाए जाने का भी दावा किया।
W-2 और W-3 ने खोले कई बड़े राज
दूसरी महिला W-2 ने CBI को बताया कि उसे एक बार पंकज अग्रवाल नाम के शख्स के लिए चंडीगढ़ बुलाया गया था। मोहाली के एक होटल में सुइट बुक किया गया था। उसने यह भी दावा किया कि कमरे के बाहर एक सुरक्षाकर्मी तैनात किया गया था। W-2 के बयान में हरियाणा के विकास एवं पंचायत विभाग के तत्कालीन अधीक्षक नरेश कुमार भुवानी का भी नाम आया है। तीसरी महिला W-3 ने CBI को बताया कि उसने ऐसी दो पार्टियों में हिस्सा लिया था। उसे प्रत्येक पार्टी के लिए करीब 10 से 12 हजार रुपये दिए गए थे। CBI इन बयानों को मामले से जुड़े दूसरे सबूतों के साथ जोड़कर देख रही है।
पंकज अग्रवाल का क्या रोल है?
मामले में IAS अधिकारी पंकज अग्रवाल भी आरोपी हैं। CBI का आरोप है कि उन्होंने हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद और हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड से जुड़े बैंक खाते IDFC First Bank की एक खास शाखा में खुलवाने में मदद की। जांच एजेंसी का दावा है कि इन खातों के जरिए 60 करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम गलत तरीके से निकाली गई। CBI ने पंकज अग्रवाल को गिरफ्तार भी किया था और बाद में हरियाणा सरकार ने उन्हें निलंबित कर दिया।
क्या सरकारी पैसे से हुई थीं ये पार्टियां?
यह इस पूरे मामले का सबसे बड़ा सवाल है कि क्या ये सभी पार्टियां सरकारी पैसे से हुई थीं? CBI यह जांच कर रही है कि इस घोटाले में शामिल लोगों को पैसे के अलावा दूसरी तरह के क्या फायदे मिले। इनमें होटल बुकिंग, पार्टियां और दूसरी महंगी सुविधाएं शामिल होने की बात सामने आई है। हालांकि अभी यह साबित नहीं हुआ है कि इन पार्टियों का खर्च सीधे सरकारी घोटाले के पैसे से ही किया गया था।
बैंक अधिकारियों पर भी गंभीर आरोप
इस मामले में जांच केवल सरकारी अधिकारियों तक सीमित नहीं है। CBI ने कुछ बैंक अधिकारियों को भी आरोपी बनाया है। जांच एजेंसी का आरोप है कि बैंक अधिकारियों ने सरकारी विभागों के खाते खोलने और संदिग्ध लेनदेन को रोकने के बजाय उन्हें आगे बढ़ने दिया। CBI अब बैंक रिकॉर्ड, खातों के लेनदेन, कॉल रिकॉर्ड, WhatsApp चैट और दूसरे दस्तावेजों की जांच कर रही है। अब जांच एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सरकारी पैसे की हेराफेरी और इन महंगी सुविधाओं के बीच कोई सीधा संबंध था या नहीं।


