Gurugram Murder Case: हरियाणा के साइबर सिटी गुरुग्राम से एक रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने अपनी ही लिव-इन पार्टनर की कथित तौर पर बेरहमी से हत्या कर दी. चौंकाने वाली बात ये है कि दोनों ने इस वारदात से महज तीन दिन पहले ही एक साथ रहना शुरू किया था. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी टेक इंजीनियर ने ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे दी. इस दोहरे हादसे (मर्डर-सुसाइड) ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है. मामले का खुलासा तब हुआ जब मृतका के परिवार वाले लगातार फोन कर रहे थे, लेकिन दूसरी तर से कोई जवाब नहीं मिल रहा था. पुलिस अब इस उलझी हुई गुत्थी को सुलझाने में जुटी है.
बंद कमरे में मिला खून से लथपथ शव
उत्तर प्रदेश के सीतापुर की रहने वाली 25 साल की इशारा अय्यूबी (Ishara Ayubi Murder Case)गुरुग्राम के सेक्टर-55 स्थित एक किराए के फ्लैट में रह रही थी. जब कई घंटों तक इशरा ने अपने परिवार के फोन कॉल्स का कोई जवाब नहीं दिया, तो अनहोनी की आशंका में परिजनों ने तुरंत सेक्टर-56 पुलिस स्टेशन से संपर्क किया.
सूचना मिलते ही जब पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, तो फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद था. दरवाजा तोड़ने पर अंदर का नजारा बेहद खौफनाक था; इशारा का शव फर्श पर खून से लथपथ पड़ा हुआ था. शुरुआती जांच और फॉरेंसिक टीम के मुताबिक, युवती पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार किए गए थे, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई.
रेलवे ट्रैक पर मिली आरोपी की लाश
मामले की तफ़्तीश के दौरान पुलिस को पता चला कि छत्तीसगढ़ के भिलाई का रहने वाला श्रेष्ठ मलिक (25 वर्ष), जो कि पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर था, इशारा के साथ फ्लैट में रह रहा था. पुलिस जब उसकी तलाश में जुटी, तो उन्हें गढ़ी रेलवे स्टेशन के पास एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली.
ट्रैक पर मिले शव के पास से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिससे उसकी शिनाख्त श्रेष्ठ मलिक के रूप में हुई. कड़ियां जोड़ने पर पुलिस को अंदेशा हुआ कि श्रेष्ठ ने पहले इशारा की हत्या की और फिर खुद ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली.
कत्ल और खुदकुशी की वजह तलाश रही पुलिस
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर उनके परिवारों को सूचित कर दिया है. जांच में सामने आया है कि घटना से सिर्फ तीन दिन पहले ही दोनों इस फ्लैट में शिफ्ट हुए थे.
फिलहाल, पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर जांच को आगे बढ़ा रही है. दोनों के बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ और इस खूनी अंजाम की असली वजह क्या थी, इसका पता लगाने के लिए पुलिस दोनों के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल्स और चैट हिस्ट्री को खंगाल रही है ताकि इस दिल दहला देने वाले मामले की पूरी सच्चाई सामने आ सके.


