राहगीरों ने बीच-बचाव की कोशिश की
Gurugram News, (आज समाज), गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम में कुछ लड़कियों के बीच मारपीट का मामला प्रकाश में आया है। घटना का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लड़कियां एक-दूसरे के बाल खींचती, थप्पड़ मारती और लात-घूंसे चलाती नजर आ रही हैं। घटना गुरुग्राम के सेक्टर-56 स्थित एक आयुर्वेद सेंटर के बाहर की है।
वीडियो में लड़कियों के बीच जमकर हाथापाई दिखाई दे रही है। कुछ लड़कियां एक-दूसरे को सड़क पर खींचती नजर आती हैं। इस दौरान वहां से गुजर रहे लोग भी रुक गए। कुछ लोगों ने विवाद शांत कराने की कोशिश की। मारपीट में शामिल एक पक्ष की कुछ लड़कियां स्नेबिट कंपनी की यूनिफॉर्म में दिखाई दे रही हैं। दी गई जानकारी के अनुसार, कंपनी घरों और आॅफिस में डोमेस्टिक हेल्प समेत अन्य सेवाएं उपलब्ध कराती है।
लड़कियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही
लड़कियों के बीच इस कदर बढ़े गुस्से और हिंसक झड़प के पीछे असली वजह क्या थी, यह अभी तक पूरी तरह से साफ नहीं हो पाया है। शुरूआती कयासों के मुताबिक यह मामला आपसी रंजिश, काम के दौरान हुआ कोई विवाद या फिर किसी मामूली बात पर कहासुनी का हो सकता है। वीडियो में दिख रही लड़कियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है, ताकि विवाद के मुख्य कारण का पता लगाया जा सके।
पुलिस के पास नहीं पहुंची शिकायत, सोशल मीडिया के जरिए मिली घटना की जानकारी
बीच सड़क पर हुए इस झगड़े की अभी तक पुलिस के पास किसी भी पक्ष की तरफ से कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। जिससे ये भी पता नहीं चल पाया है कि यह घटना कब और किस समय हुई है। ‘
सेक्टर-56 थाना पुलिस का कहना है कि उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से ही इस घटना की जानकारी मिली है। किसी भी पीड़ित या प्रत्यक्षदर्शी ने थाने आकर शिकायत नहीं दी है।
सीसीटीवी खंगालने में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कई बार काफी पुरानी वीडियो को भी नई बताकर अपलोड कर दिया जाएगा। हालांकि, पुलिस अपने स्तर पर वीडियो की जांच कर रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है, ताकि घटना की सही टाइमिंग और इसमें शामिल चेहरों को चिन्हित किया जा सके।
ये भी पढ़ें: JPSC एग्जाम कैंसिल पर नहीं बनी बात, सरकार ने छात्रों से मांगे सुझाव, प्रयागराज पहुंचे राहुल गांधी


