सहारनपुर में देहरादून-पंचकूला हाईवे पर हुआ हादसा
Road Accident Death, (आज समाज), सोनीपत/गुरुग्राम: हरियाणा के सोनीपत के एक ही परिवार के 4 लोगों की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्राप्त जानकारी अनुसार, सोनीपत के मंडोरा गांव निवासी चरण सिंह का परिवार 10 साल पहले बहादुरगढ़ शिफ्ट हो गया था।
इनके दो बेटे हैं। दोनों ट्रांसपोर्ट का काम करते हैं और खरखौदा क्षेत्र में उनका एक भट्ठा भी है। शुक्रवार को चरण सिंह परिवार के साथ टाटा टियागो कार (एचआर 10 एएल 7732) से हरिद्वार दर्शन के लिए जा रहे थे।
बोलेरो ने टियागो को मारी टक्कर
शाम साढ़े 4 बजे जैसे ही उनकी कार सरसावा थाना क्षेत्र में देहरादून-पंचकूला हाईवे पर पहुंची, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक बोलेरो ने टियागो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्रवीण (40), उनकी पत्नी प्रीति (37), बेटा शिवांश (9) और मां सुदेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायलों में प्रीति (29), छवि (3), सहदेव (45) शामिल हैं। घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है और वे होश में हैं।
ये भी पढ़ें: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में ट्रस्ट महासचिव चंपत राय का इस्तीफा


