PM Surya Ghar Free Electricity Scheme (आज समाज नेटवर्क)करनाल। केंद्र सरकार की पीएम सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना के तहत पात्र परिवारों को सोलर रूफटॉप सिस्टम लगाने पर अधिकतम 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी प्रदान की जा रही है। इस योजना का उद्देश्य गरीब और मध्यम आय वर्ग के परिवारों के बिजली खर्च को कम करना तथा स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देना है।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत घरों की छत पर सोलर पैनल लगाए जाएंगे। यदि सोलर सिस्टम से जरूरत से अधिक बिजली का उत्पादन होता है, तो अतिरिक्त बिजली ग्रिड में जाएगी और उसका भुगतान संबंधित उपभोक्ता को किया जाएगा। इससे परिवारों का बिजली बिल काफी हद तक कम होगा और वे आर्थिक रूप से सशक्त बनेंगे।
डीसी ने बताया कि केंद्र सरकार की सब्सिडी के अलावा हरियाणा सरकार भी राज्य के एक लाख पात्र परिवारों को सोलर रूफटॉप सिस्टम लगाने पर अधिकतम 50 हजार रुपये की अतिरिक्त सब्सिडी दे रही है। यह लाभ ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर मिलेगा।उन्होंने बताया कि जिन परिवारों की वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये तक है, तथा 1.80 लाख से 3 लाख रुपये तक आय वाले और सालाना अधिकतम 2400 यूनिट बिजली की खपत करने वाले उपभोक्ता भी योजना का लाभ उठा सकते हैं।
योजना के तहत पहले 2 किलोवाट क्षमता तक 30 हजार रुपये प्रति किलोवाट के हिसाब से अधिकतम 60 हजार रुपये की सब्सिडी दी जाएगी। इसके बाद 2 से 3 किलोवाट क्षमता तक अतिरिक्त 18 हजार रुपये की सब्सिडी मिलेगी। इस प्रकार लाभार्थियों को कुल मिलाकर अधिकतम 78 हजार रुपये तक की केंद्रीय सब्सिडी का लाभ मिलेगा।


