Electricity Employees Stage Protest at SE’s Office : बिजली कर्मचारियों का एसई कार्यालय पर किया प्रदर्शन, मांगें पूरी न होने पर अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी

0
576
Electricity Employees Stage Protest at SE's Office; Warn of Indefinite Sit-in if Demands Are Not Met

Palwal News(आज समाज नेटवर्क) पलवल। बिजली कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर पुराना कोर्ट परिसर स्थित अधीक्षक अभियंता (एसई) कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। ऑल हरियाणा पावर कारपोरेशन वर्कर यूनियन के आह्वान पर पलवल, नूंह और होडल डिविजनों के सैकड़ों कर्मचारी एकत्रित हुए। कर्मचारियों ने एक दिवसीय सांकेतिक गेट मीटिंग कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।प्रदर्शन की अध्यक्षता सर्कल सचिव राजेश शर्मा ने की, जबकि मंच संचालन राज्य सचिव सामून खान ने किया। इस दौरान यूनियन के राज्य उपप्रधान जितेंद्र तेवतिया ने आरोप लगाया कि कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए करीब पांच महीने पहले 32 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा गया था, लेकिन अब तक उस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि विभाग के अधिकारी कर्मचारियों की समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं हैं, जिससे हालात लगातार बिगड़ रहे हैं।

यूनियन नेताओं ने बताया कि कच्चे कर्मचारियों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के नाम पर परेशान किया जा रहा है, जबकि वे लंबे समय से सेवा दे रहे हैं। इसके साथ ही कर्मचारियों की निजी जानकारी थर्ड पार्टी को देने का भी आरोप लगाया गया। उन्होंने लाइन शिफ्टिंग में अनियमितताओं को लेकर भी अधिकारियों पर सवाल उठाए। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द मांगें नहीं मानी गईं तो सोमवार से अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। यूनियन ने यह भी मांग की है कि गर्मी के मौसम को देखते हुए कर्मचारियों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं।