बाद दोपहर दो बजे शुरू होगी सदन की कार्यवाही, प्रश्नकाल से होगी शुरुआत
Haryana Budget Session Live (आज समाज), चंडीगढ़ : हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र की आज बाद दोपहर दो बजे शुुरुआत होगी। हालांकि रूटीन में सेशन की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू हुआ करेगी लेकिन अवकाश के अगले दिन यह कार्यवाही बाद दोपहर दो बजे से शुरू होगी। कल रविवार के चलते अवकाश था इसलिए आज दो बजे कार्यवाही शुरू होगी। आज की कार्यवाही की प्रश्नकाल से शुरूआत होगी। इसके बाद शून्यकाल और फिर राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष के अभिभाषण पर चर्चा होगी।
प्रश्नकाल के दौरान हंगामे के भी पूरे आसार है। इसके बाद 24 से 27 फरवरी तक सत्र की बैठकें सुबह 11 बजे से शुरू होंगी। 27 फरवरी को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी राज्यपाल के अभिभाषण पर अपनी बात रखेंगे। दो मार्च को सीएम नायब सिंह सैनी प्रदेश का बजट पेश करेंगे। बताया जा रहा है कि सैनी 2.15 लाख करोड़ रुपए का बजट पेश कर सकते हैं। पिछले साल यह 2.05 लाख करोड़ था। 18 मार्च तक चलने वाले इस बजट सत्र में 9 छुट्टियां होंगी।
सेशन 17 दिन तक चलेगा।
सीएम ने विधायकों को दिए हैं विशेष निर्देश
बजट सत्र को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पार्टी विधायकों और मंत्रियों के साथ बैठक कर विपक्ष के संभावित हमलों का जवाब देने की रणनीति तैयार करेंगे। सेशन को लेकर सत्तारूढ़ भाजपा और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने अपनी-अपनी रणनीति बनाई है। कांग्रेस बुढ़ापा पेंशन कटने, फैमिली आईडी जैसे मुद्दों को उठाएगी। सीएम ने मंत्रियों को निर्देश दिए जाएंगे कि वे विभागीय सवालों और आरोपों पर तथ्यों के साथ मजबूती से जवाब दें ताकि विपक्ष को सरकार को घेरने का अवसर न मिले।
11 से 5 बजे तक चलेगा सदन
हरियाणा विधानसभा बजट सत्र के दौरान सत्र की कार्यवाही सुबह 11 से शाम 5 बजे तक चलेगी। वहीं अवकाश के बाद वाले दिन सदन की शुरूआत दोपहर 2 बजे होगी। 16 मार्च को राज्यसभा के लिए रिक्त हुई दो सीटों के वोटिंग का दिन है। उस दिन विधानसभा सत्र 2 बजे से शुरू होगा। राज्यसभा चुनाव के लिए यदि मतदान की जरूरत पड़ती है, तो सभी सदस्य 2 बजे से पहले मतदान कर लेंगे। इस पर सरकार और नेता प्रतिपक्ष के बीच सहमति बनी है।


