Murder of relations in Karnal(आज समाज नेटवर्क) करनाल।करनाल जिले के बड़ा गांव में संपत्ति विवाद को लेकर पारिवारिक रिश्तों के कत्ल का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक 30 वर्षीय कलयुगी पोते ने महज जायदाद की रंजिश में अपने 70 वर्षीय बुजुर्ग दादा की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस वारदात के बाद से पूरे गांव में दहशत का माहौल है और परिवार में मातम पसरा हुआ है।

वसीयत बनी हत्या की वजह
मृतक बुजुर्ग की पहचान 70 वर्षीय दर्शन सिंह के रूप में हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, दर्शन सिंह के परिवार में पिछले कुछ समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। दर्शन सिंह द्वारा की गई एक वसीयत से उनका 30 वर्षीय पोता सोनू बुरी तरह नाराज था। इसी नाराजगी और रंजिश के चलते सोनू ने अपने ही दादा की जान लेने का खौफनाक फैसला कर लिया।
बाड़े में काम करते वक्त ताबड़तोड़ दागी गोलियां
गुरुवार को जब दर्शन सिंह अपने घर के पास बने पशुओं के बाड़े में रोजाना की तरह काम कर रहे थे, तभी आरोपी सोनू वहाँ हथियारों के साथ पहुंचा। इससे पहले कि बुजुर्ग कुछ समझ पाते, सोनू ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। दर्शन सिंह को करीब तीन से चार गोलियां लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।गोलियों की गड़गड़ाहट
सुनकर जब तक आस – पड़ोस के लोग और ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हुए, आरोपी सोनू अपनी बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो चुका था।
फॉरेंसिक टीम और पुलिस ने संभाला मोर्चा
दिनदहाड़े हुई इस हत्या की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक जांच टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया है।सतीश गौतम, डीएसपी, करनाल ने बताया शुरुआती जांच में हत्या की वजह संपत्ति का विवाद सामने आई है। बुजुर्ग दर्शन सिंह को उनके पोते सोनू ने गोली मारी है। आरोपी को जल्द से जल्द दबोचने के लिए पुलिस की 4 विशेष टीमें गठित की गई हैं। मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है और जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होगा।
यह भी पढ़े:-Karnal News : मां के सामने उजड़ा परिवार, एक बेटे ने दूसरे को उतारा मौत के घाट


