कनाडा में पंजाब मूल के युवक-युवती की सरेआम हत्या, जली कार से उलझी गुत्थी, पुलिस के रडार पर था युवक

0
128

Punjabi origin couple murder: कनाडा में पंजाब मूल के दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के सरे शहर में रविवार रात वॉलमार्ट की पार्किंग में हुई। पंजाब मूल के 24 वर्षीय युवक और 23 वर्षीय युवती की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस इसे सुनियोजित हमला मान रही है और इसके संगठित अपराध से जुड़े होने की आशंका जता रही है।

सार्वजनिक नहीं की गई पहचान

वारदात रविवार रात करीब 10:30 बजे उत्तर-पश्चिम सरे में 88वें एवेन्यू और 124वीं स्ट्रीट के पास हुई। मृतक युवक की पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। पुलिस के अनुसार, वह हथियारों से जुड़े अपराधों के मामलों में पहले से रडार पर था और ऐसे मामलों में आरोपों का सामना कर रहा था। युवती डेल्टा की रहने वाली थी। उसकी पहचान भी सार्वजनिक नहीं की गई है।

डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

इंटीग्रेटेड होमिसाइड इन्वेस्टिगेशन टीम (आईएचआईटी) की सार्जेंट फ्रेडा फोंग ने सोमवार को मीडिया को बताया कि घटना में संगठित अपराध के संकेत मिलते हैं। शुरुआती जांच के अनुसार, दोनों को विशेष रूप से निशाना बनाया गया था। सरे पुलिस सेवा के अनुसार, मौके पर पहुंचे आपातकालीन कर्मचारियों ने दोनों को बचाने का प्रयास किया। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

जलता हुआ वाहन भी मिला

गोलीबारी के कुछ समय बाद घटनास्थल से करीब पांच मिनट की दूरी पर प्रिंसेस ड्राइव के 9700-ब्लॉक में एक वाहन जलता हुआ मिला। पुलिस को संदेह है कि सफेद रंग की इस कार का इस्तेमाल हमलावरों ने किया था। एक स्थानीय निवासी ने बताया कि उसने धमाके जैसी आवाजें सुनीं। बाहर आकर देखने पर उसे एक कार आग की लपटों में घिरी मिली।

पुलिस कर रही जांच

सोमवार को जांचकर्ताओं ने वॉलमार्ट की पार्किंग को घेर लिया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस के तंबू के नीचे एक लाल रंग की फोर्ड मस्टैंग भी मिली, जिसकी विंडशील्ड पर गोलियों के निशान थे। इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी की खबर नहीं है।

  • TAGS
  • [post_tags]