Haryana Murder Case: हरियाणा के चरखी दादरी जिले में भैंस के गोबर को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद एक किसान की मौत की वजह बन गया। आरोप है कि गेट पर गोबर करने से रोकने की बात से नाराज युवकों ने रात में सो रहे 40 वर्षीय किसान मनोज पर फरसे, कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मनोज ने रोहतक पीजीआई में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। किसान की मौत से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने दादरी-पातुवास रोड पर शव रखकर करीब 18 घंटे तक जाम लगाए रखा। मामले में छह नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है।
भैंस के गोबर को लेकर हुआ था विवाद
यह पूरा मामला चरखी दादरी जिले के महराणा गांव का है। घटना वाले दिन गेट के सामने भैंस के गोबर करने को लेकर कुछ युवकों और परिवार के सदस्यों के बीच कहासुनी हुई थी। परिवार की एक महिला ने युवकों को गेट पर गंदगी करने से रोका था। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और आरोप है कि युवकों ने मनोज को जान से मारने की धमकी भी दी थी।
मृतक के भाई संजय कुमार के मुताबिक दिन में हुई कहासुनी के बाद रात को जब मनोज सो रहा था, तभी आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। हमले में फरसे, कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों का इस्तेमाल किए जाने का आरोप है। मनोज गंभीर रूप से घायल हो गया और परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत बिगड़ने पर उसे रोहतक पीजीआई रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मनोज की मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश
मनोज की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों में भारी नाराजगी फैल गई। ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर दादरी-पातुवास रोड पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते महराणा सहित आसपास के 8 से 10 गांवों के लोग मौके पर पहुंच गए। प्रदर्शन में महिलाएं भी शामिल हुईं और ग्रामीण रातभर सड़क पर डटे रहे।
करीब 18 घंटे तक चले इस जाम के कारण सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग थी कि किसान की हत्या में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। ग्रामीणों का कहना था कि जब तक सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तब तक वे शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।
विधायक और DCP के आश्वासन से खुला जाम
मंगलवार सुबह बाढ़ड़ा के विधायक उमेद पातुवास और डीएसपी हेडक्वार्टर धीरज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों और मृतक के परिजनों से बातचीत की। विधायक और पुलिस अधिकारियों ने मामले में निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया। काफी देर तक चली बातचीत के बाद ग्रामीणों ने जाम खोलने का फैसला किया। इसके बाद परिजन पुलिस सुरक्षा के बीच मनोज के शव को अंतिम संस्कार के लिए लेकर रवाना हुए। करीब 18 घंटे से जारी प्रदर्शन समाप्त होने के बाद सड़क पर यातायात सामान्य हो सका।


