Himachal News: हमीरपुर में कुत्तों का आतंक, इस साल 6,000 लोगों को काट खाया, इसे भूलकर भी न करें नजर अंदाज

0
39

Himachal News: हिमाचल के हमीरपुर में कुत्तों का आतंक बढ़ता ही जा रहा है। इस साल 10 महीनों के दौरान कुल 5,876 लोगों को कुत्तों ने काट लिया। इस तरह जिले में प्रतिदिन औसतन 19 लोग कुत्तों के काटने का शिकार हुए। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़े कुत्तों के बढ़ते आतंक की गंभीरता को उजागर करते हैं।

पालतू कुत्तों ने भी लोगों को काटा

इस साल जनवरी से अक्टूबर के बीच आवारा कुत्तों ने 3,863 लोगों को काटा, जबकि पालतू कुत्तों के काटने के भी 2,013 मामले सामने आए। इस साल अब तक दर्ज मामलों की संख्या पिछले पूरे वर्ष के मुकाबले 1,551 अधिक है। जिले में प्रतिदिन औसतन करीब 19 लोग कुत्तों के हमले का शिकार हो रहे हैं।

चिकित्सा अधिकारी ने चेताया

हमीरपुर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सतीश कुमार ने सोमवार को कहा, ”कुत्तों के काटने के मामलों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। कुत्ते के काटने या खरोंचने पर लोगों को लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए और इलाज के लिए तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र जाना चाहिए। चिकित्सकीय सलाह के अनुसार रेबीज रोधी टीके की सभी खुराक लेना बेहद जरूरी है।”

हीरानगर वन क्षेत्र सर्वाधिक प्रभावित

उन्होंने कहा कि पालतू कुत्तों को सार्वजनिक स्थानों पर खुला छोड़ना, उन पर उचित नियंत्रण नहीं रखना और उनकी देखभाल में लापरवाही बरतना भी जनसुरक्षा के लिए खतरा बन रहा है। हमीरपुर शहर में हीरानगर वन क्षेत्र और अणु क्षेत्र सबसे अधिक प्रभावित हैं।

कुत्तों के काटने की घटनाएं

आवारा कुत्तों के काटने के जनवरी में 445, फरवरी में 420, मार्च में 382, अप्रैल में 396, मई में 425, जून में 444, जुलाई में 294, अगस्त में 428, सितंबर में 321 और अक्टूबर में 308 मामले दर्ज किए गए। वहीं, पालतू कुत्तों के काटने से जनवरी में 164, फरवरी में 212, मार्च में 234, अप्रैल में 188, मई में 224, जून में 208, जुलाई में 192, अगस्त में 191, सितंबर में 220 और अक्टूबर में 180 लोग घायल हुए।

  • TAGS
  • [post_tags]