Haryana News: रेवाड़ी में डिजिटल अरेस्ट कर 1.89 करोड़ का चूना लगाया, पुलिस ने 2 आरोपियों को किया गिरफ्तार

0
22
रेवाड़ी जिले के धारूहेड़ा में डिजिटल अरेस्ट कर 1.89 करोड़ रुपये की ठगी के मामले में पुलिस ने 2 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों में उत्तराखंड के नैनीताल निवासी देवेंद्र सिंह बिष्ट उर्फ दीपक और राजस्थान के जयपुर निवासी खुशीराम धाकड़ उर्फ राहुल शामिल हैं।

Haryana News: रेवाड़ी जिले के धारूहेड़ा में डिजिटल अरेस्ट कर 1.89 करोड़ रुपये की ठगी के मामले में पुलिस ने 2 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों में उत्तराखंड के नैनीताल निवासी देवेंद्र सिंह बिष्ट उर्फ दीपक और राजस्थान के जयपुर निवासी खुशीराम धाकड़ उर्फ राहुल शामिल हैं। रिटायर्ड कर्मचारी और उनकी पत्नी के साथ की गई इस ठगी के मामले में 11 आरोपियों को पहले ही पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।

फोन करके जाल में फंसाया

जानकारी के मुताबिक, 22 अप्रैल को धारूहेड़ा के सेक्टर-6 निवासी एक सेवानिवृत्त कर्मचारी राजपाल सिंह ने अपनी शिकायत में बताया था कि इसी साल 28 फरवरी को उनके फोन पर अनजान व्यक्ति के फोन आए। फोन करने वाले ने खुद को ट्राई सर्विस से बताते हुए कहा कि उसकी सिम बंद होने वाली है। उसकी आईडी से गलत ढंग से सिम खरीदी गई है। उसके खिलाफ मुबंई में एफआईआर दर्ज है। उसे बताया गया कि उसके नंबर से न्यूड फोटो और वीडियो भेजे जा रहे हैं।

1.89 करोड़ रुपये ट्रांसफर कराए

इसके बाद, एक अन्य नंबर से आए फोन पर खुद को सीबीआई इंस्पेक्टर बताने वाले शख्स ने कहा कि उसे डिजिटल अरेस्ट किया गया है। अगर वह बचना चाहता है, तो उसके बताए गए खाता नंबरों पर पैसे ट्रांसफर करने होंगे। शुरू में उसने कुछ रकम ट्रांसफर की तो उसे मनी लॉन्ड्रिंग के केस में फंसाने की धमकी देते हुए और पैसे ट्रांसफर करा लिए। उन्हें और उसकी पत्नी को घर से बाहर नहीं निकलने और किसी से संपर्क नहीं करने को कहा गया। उसे बार-बार डराकर 3 मार्च से 20 अप्रैल तक कुल 1 करोड़ 89 लाख 28 हजार रुपये विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर करा लिए।

ऐप के जरिए रखी गई नजर

उनके फोन पर एक ऐप डाउनलोड कराने के बाद निगरानी रखी गई, जिससे वह और उसकी पत्नी कमरे में बंधक बने रहे। राजपाल ने बताया कि मोबाइल फोन पर एप डाउनलोड कराने के बाद उसे और उसकी पत्नी को ऑनलाइन पुलिसकर्मी, हथियार, कोर्ट, जज और फर्जी रसीद दिखाए गए। फर्जी जज ने प्रॉपटी की वेरिफिकेशन करते हुए उसे 70 प्रतिशत और राशि सरकारी खजाने में जमा कराने को कहा।

11 आरोपी पहले ही गिरफ्तार

पुलिस ने साइबर थाना में ठगी का मामला दर्ज कर संलिप्त 11 आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस आरोपियों के कब्जे से ठगी की गई रकम में से 4.73 लाख रुपये की राशि बरामद कर चुकी है। अब पुलिस ने दो और आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी राहुल ने साइबर ठगों को बैंक खाता मुहैया कराने में मध्यस्थ की भूमिका निभाई थी, जबकि देवेंद्र सिंह बिष्ठ उर्फ दीपक के बैंक खाते में ठगी की गई रकम में से 9 लाख रुपये की राशि ट्रांसफर हुई थी।