Haryana News: पानीपत जिले से सोमवार को एक दर्दनाक खबर सामने आई है। भैंसवाल मोड़ के पास दरबार ढाबे पर फ्रिज में आए करंट की चपेट में आने से 15 वर्षीय मासूम की मौत हो गई। मृतक का नाम रूपेश था, जो घर की माली हालत खराब होने की वजह से अपने छोटे भाई के साथ ढाबे पर मजदूरी का काम करता था। जिले में तीन दिनों के भीतर करंट लगने के दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है।
ढाबे पर करता था मजदूरी
नूरवाला की मोतीराम कॉलोनी निवासी सतीश ने बताया कि वह मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण बेटे रूपेश ने पढ़ाई छोड़ दी थी। इसके बाद वह छोटे भाई ऋतिक के साथ दरबार ढाबे पर काम करने लगा।
फ्रिज के करंट की चपेट में आया
शनिवार दोपहर काम के दौरान फ्रिज के पास खड़े रूपेश को करंट लग गया और वह अचेत होकर गिर पड़ा। ढाबा कर्मचारियों और परिजनों ने उसे नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने की कार्रवाई
तहसील कैंप थाना प्रभारी बंसीलाल ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। परिजनों के बयान के आधार पर आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गईं।
करंट के हादसों से लोग गुस्सा
शहर में लगातार हो रहे बिजली हादसों से लोगों में रोष है। स्थानीय निवासियों ने बिजली विभाग से खुले तारों, जर्जर खंभों और सार्वजनिक स्थानों पर लगे बिजली उपकरणों की जांच कराने की मांग की है। जिले में पिछले कुछ दिनों में करंट लगने के कई हादसे हो चुके हैं।
- 20 अक्तूबर को हरिसिंह चौक पर हाईटेंशन तार की चपेट में आने से 15 वर्षीय गौरव की मौत हो गई।
- 29 अक्तूबर को डाहर गांव में 11 हजार वोल्ट की लाइन का तार बारिश के पानी में गिरने से 11 वर्षीय पंकज की मौत हो गई।
- 29 अक्तूबर को बिंझौल चौक पर खंभे में करंट उतरने से तीन लोग चपेट में आए जिनमें से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
- फरवरी में उझा गांव में बारात के दौरान नाले में पड़े बिजली के तार की चपेट में आने से 14 वर्षीय समीर की मौत हो गई।


