Delhi Weather Update : राजधानी में आज और कल बारिश का अलर्ट

0
341
Delhi Weather Update : राजधानी में आज और कल बारिश का अलर्ट
Delhi Weather Update : राजधानी में आज और कल बारिश का अलर्ट

पश्चिम विक्षोभ की सक्रियता से आएगा मौसम में बदलाव, तापमान में आएगी गिरावट

Delhi Weather Update (आज समाज), नई दिल्ली : पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते समूचे उत्तर भारत में मौसम में बदलाव दिखाई दे रहा है। एक तरफ जहां पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है वहीं मैदानों में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है। जिसके चलते राजधानी दिल्ली का मौसम भी बदलने वाला है। भारतीय मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए बुलेटिन के अनुसार आज और कल दिल्ली में मौसम में जबरदस्त बदलाव देखने को मिलेगा।

मौसम विभाग का अनुमान है कि दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में तेज हवा के साथ फिर से बारिश होने की संभावना है, जिससे पारे में गिरावट आएगी। मौसम विभाग ने सप्ताहांत के इस बदलाव को देखते हुए सोमवार के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा, साथ हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने 31 मार्च को भी दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में अचानक गरज चमक के साथ बारिश या बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। इस दिन आसमान में बादलों की मौजूदगी बनी रहने का भी अनुमान है।

दिल्ली में गर्मी ने छुड़ाए पसीने

रविवार को दिनभर तेज धूप के चलते लोगों को गर्मी का अहसास हुआ। इस दौरान लोग पसीने से तरबतर दिखाई दिए। सुबह से ही निकल रही तेज धूप ने लोगों को खासा परेशान किया हुआ था। हालांकि, मौसम विभाग ने रविवार के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया हुआ था। लेकिन, खबर लिखे जाने तक बारिश की मौजूदगी दर्ज नहीं की गई। इस दौरान अधिकतम तापमान 36.2 और न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री दर्ज हुआ। दिल्ली में अधिकतम आर्द्रता 83 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 33 प्रतिशत रही। मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार, मार्च में यह असामान्य मौसम उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर रहे पश्चिमी विक्षोभों की एक श्रृंखला से जुड़ा है।

3 और 4 अप्रैल को भी होगी बारिश

मौसम विभाग ने 3 और 4 अप्रैल को दिल्ली में गरज चमक के साथ हल्की बारिश या बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। इससे मौसम एकबार फिर सुहावना हो जाएगा। इस दिन दिल्ली में 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, इस सप्ताह यानी तीन अप्रैल तक अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस से आगे नहीं जाएगा।

पहाड़ों में दोबारा बिछी बर्फ की चादर

आईएमडी के अनुसार, 30 मार्च और 2-3 अप्रैल को गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और बर्फबारी होने और 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 4 अप्रैल को भी यही स्थिति रहेगी। उत्तराखंड में 30 मार्च को ओलावृष्टि की भी संभावना है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में 30-31 मार्च के दौरान छिटपुट से मध्यम वर्षा के साथ गरज, बिजली चमकने और 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है।

वहीं, पूर्वोत्तर भारत और इससे सटे पूर्वी भारत में इस सप्ताह छिटपुट से लेकर व्यापक वर्षा के साथ गरज, चमक और तेज हवा चलने की संभावना है। पूर्वोत्तर भारत में 30 मार्च से 1 अप्रैल के दौरान छिटपुट भारी वर्षा भी हो सकती है। दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में इस सप्ताह छिटपुट वर्षा के साथ गरज, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना है।

ये भी पढ़ें : PM Modi on Water Conservation : जल संरक्षण वर्तमान की सबसे बड़ी जरूरत : पीएम मोदी

  • TAGS
  • [post_tags]