Chandigarh news: आईटीबीपी भानु में 491वें कांस्टेबल बैच का दीक्षांत समारोह सम्पन्न

0
216
Chandigarh news

Chandigarh news: (आज समाज): भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) के प्राथमिक प्रशिक्षण केंद्र भानु में सोमवार को 491वें कांस्टेबल (जीडी) महिला एवं पुरुष बैच का दीक्षांत एवं शपथ ग्रहण समारोह अत्यंत गरिमा और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ।

समारोह के मुख्य अतिथि संजय गुंज्याल, आईपीएस, कार्यवाहक अपर महानिदेशक, वेस्टर्न कमांड, चंडीगढ़ रहे, जबकि कार्यक्रम का संचालन अशोक नेगी, पी.एम.जी., महानिरीक्षक, प्राथमिक प्रशिक्षण केंद्र के दिशानिर्देशन में किया गया।

228 नव-प्रशिक्षित हुए बल में शामिल

विभिन्न राज्यों के कुल 228 प्रशिक्षणार्थियों (198 पुरुष एवं 30 महिला) ने दीक्षा लेकर बल की मुख्यधारा में प्रवेश किया। इन जवानों ने 44 सप्ताह का कठोर, अनुशासित एवं बहुआयामी प्रशिक्षण पूरा किया।

सीमा सुरक्षा के साथ मानव सेवा में भी अग्रणी – संजय गुंज्याल

मुख्य अतिथि गुंज्याल ने नव-दीक्षित जवानों को बधाई देते हुए कहा कि भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल न केवल सीमाओं की सुरक्षा करता है, बल्कि आपदा प्रबंधन, आंतरिक सुरक्षा और मानवीय सहायता कार्यों में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान अर्जित अनुशासन और समर्पण उन्हें भविष्य की चुनौतियों से निपटने की शक्ति प्रदान करेगा।

प्रशिक्षण का समापन नहीं, सेवा की शुरुआत – अशोक नेगी

इस अवसर पर अशोक नेगी, पी.एम.जी. ने कहा कि यह दीक्षांत समारोह केवल प्रशिक्षण का समापन नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा के एक नए अध्याय की शुरुआत है। उन्होंने प्रशिक्षकों की मेहनत की सराहना करते हुए नव-जवानों से बल की गौरवशाली परंपराओं को बनाए रखने का आह्वान किया।

अभिभावकों का आभार – ब्रिगेडियर एच.एस. गोराया

ब्रिगेडियर एच.एस. गोराया, डी.आई.जी. बीटीसी, ने कहा कि नव-प्रशिक्षितों का अनुशासन, निष्ठा और परिश्रम ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने उन अभिभावकों का आभार व्यक्त किया जिन्होंने अपने बेटे-बेटियों को देश सेवा के लिए प्रेरित किया।

श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वालों को मिला सम्मान

प्रशिक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जवानों को मुख्य अतिथि द्वारा शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर सी.सैक, ओ.एम.डी., क्राव मागा तथा आईटीबीपी की जॉबाज एवं योग टीमों ने शानदार प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम के अंत में सुनील कांडपाल, सेनानी, प्राथमिक प्रशिक्षण केंद्र ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, प्रशिक्षकों और परिजनों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

देश सेवा के नए प्रहरी

इस दीक्षांत समारोह के साथ आईटीबीपी, भानु ने एक और सक्षम, अनुशासित एवं समर्पित बैच को राष्ट्र सेवा हेतु समर्पित किया है, जो भविष्य की हर चुनौती का डटकर सामना करने के लिए तत्पर है

  • TAGS
  • [post_tags]