Caught on Camera: मथुरा रिफाइनरी से मुजफ्फरनगर जा रहा इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (IOCL) का ट्रक बुधवार को महावन थाना क्षेत्र मोहनपुर के पास सड़क पर पलट गया। इसके बाद, वहां आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और पेट्रोल की लूट शुरू हो गई। जिसे जो बर्तन मिला उसी में पेट्रोल भरकर अपने घर ले गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस वहां पहुंची और लोगों को हटाकर क्रेन की सहायता से टैंकर को सीधा किया गया।
मुजफ्फरनगर जा रहा था टैंकर
जानकारी के मुताबिक, मथुरा रिफाइनरी से मंगलवार शाम को मुजफ्फरनगर के लिए आईओसीएल का पेट्रोल टैंकर महावन थाना क्षेत्र से गुजर रहा था। मोहनपुर के पास तेल टैंकर पलट गया। इसके बाद, स्थानीय लोग पेट्रोल भरने के लिए दौड़ पड़े। किसी ने बाल्टी में पेट्रोल भरा तो किसी ने बोतल में। करीब 10 मिनट तक टैंकर से पेट्रोल की लूट होने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने किसी तरह लोगों को हटाकर टैंकर को सीधा कराया। मौके पर फायर ब्रिगेड विभाग और रिफाइनरी की टीम भी पहुंची थी।
मथुरा-बरेली हाईवे पर महावन क्षेत्र के मनोहरपुर गांव के पास पेट्रोल से भरा टैंकर पलट गया। टैंकर मथुरा स्थित आईओसीएल रिफाइनरी से पेट्रोल लेकर मुजफ्फरनगर जा रहा था। हादसे के बाद सड़क पर फैले पेट्रोल को ग्रामीण बाल्टियों और प्लास्टिक के कैनों में भरकर ले जाने लगे। #Mathura https://t.co/thfxlWlMS8
— Arun (आज़ाद) Chahal 🇮🇳 (@ArunAzadchahal) October 27, 2026
अचानक ब्रेक लगने से पलटा टैंकर
महावन पुलिस क्षेत्राधिकारी संदीप कुमार राय ने बताया कि मंगलवार शाम को सूचना मिली थी कि मोहनपुर गांव के पास तेल का टैंकर पलट गया है। घटना की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। टैंकर मथुरा रिफाइनरी आईओसीएल से मुजफ्फरनगर के लिए जा रहा था। प्राथमिक पूछताछ में पता चला कि टैंकर चालक के अचानक ब्रेक लगाने से टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया था। टैंकर चालक ने कूद कर अपनी जान बचाई थी।


