India can win medals in Tokyo Olympics: Ashok Dhyanchand: टोकियो ओलम्पिक में पदक जीत सकता है भारत : अशोक ध्यानचंद

0
513

नई दिल्ली। भारत की 1975 की विश्व कप विजेता हॉकी टीम के सदस्य अशोक ध्यानचंद ने कहा है कि भारत इस साल टोकियो में होने वाले ओलम्पिक खेलों में हॉकी में पदक जीत सकता है। अशोक ने नौवें पद्मश्री श्याम लाल मेमोरियल आमंत्रण हॉकी टूर्नामेंट का उद्घाटन करते हुए यह बात कही। पूर्व ओलंपियन अशोक ने कहा कि यह ओलंपिक वर्ष है और भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने 1980 के मास्को ओलम्पिक के बाद से ओलंपिक में कोई पदक नहीं जीता है। भारतीय टीम ने एफआईएच प्रो लीग में जिस तरह विश्व चैंपियन और नंबर एक टीम बेल्जियम तथा विश्व की तीसरे नंबर की टीम हॉलैंड को हराया है, उसे देखते हुए मैं यह उम्मीद कर रहा हूं कि टोकियो ओलंपिक में भारतीय टीम पदक जीत सकती है। उन्होंने कहा कि कॉलेज के बच्चों को हॉकी खेलते हुए देख मेरा भी मन खेलने को ललचा रहा था लेकिन मुझे पता है कि मेरा शरीर दिमाग का साथ नहीं देगा।
मेजबान श्याम लाल कॉलेज ने टूर्नामेंट के पुरुष वर्ग में अपने खिताबी अभियान की शुरुआत जीत के साथ की। उद्घाटन मुकाबले में श्याम लाल कॉलेज ने इंदिरा गांधी इंस्टीट्यूट आॅफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स साइंसेज को 3-2 से हराया। विजेता टीम के लिए पंकज, मनीष और ललित ने एक-एक गोल किया। पराजित टीम के लिए निखिलेश और बसंत ने गोल किए।

 

  • TAGS
  • [post_tags]