Fifa World Cup 2026 : आज मजबूत नॉर्वे के सामने होगी ब्राजील की परीक्षा

0
1949
Fifa World Cup 2026 : आज मजबूत नॉर्वे के सामने होगी ब्राजील की परीक्षा
Fifa World Cup 2026 : आज मजबूत नॉर्वे के सामने होगी ब्राजील की परीक्षा

दोनों टीमों के लिए जीत जरूरी, पांच बार की विजेता ब्राजील के लिए नॉर्वे से पार पाना नहीं होगा आसान

Fifa World Cup 2026 (आज समाज), खेल डेस्क : फीफा वर्ल्ड कप 2026 जैसे-जैसे अपने अंजाम की तरफ बढ़ रहा है। वैसे-वैसे ही इसके प्रति फुटबॉल प्रेमियों की दिवानगी भी चरम की तरफ अग्रसर है। अब यह उस स्टेज पर पहुंच चुका है कि हर मैच ही नॉकआउट होने वाला है। ऐसे में अब टीमों को कागजों पर नहीं बल्कि मैदान पर अपनी मजबूती दिखानी होगी। आज शाम को ऐसा ही एक रोमांचक मैच फुटबॉल प्रेमियों के लिए मैदान पर होगा जो सभी को नाखुन चबाने पर मजबूर कर सकता है।

आज पांच बार की चैंपियन ब्राजील क्वार्टरफाइनल में पहुंचने के लिए न्यूयार्क के न्यू जर्सी स्टेडियम में नॉर्वे का सामना करेगी। यह मुकाबला सीधे तौर पर ब्राजील के स्टार नेमार और नार्वे के एर्लिंग हालैंड के बीच की टक्कर होगी। क्योंकि मुकाबले से पहले ब्राजील के इटेलियन कोच कार्लो एंसेलोटी ने स्पष्ट कर दिया है कि नेमार अब पूरी तरह फिट हैं।

ब्राजील के लिए अहम भूमिका निभाएगा नेमार

एंसेलोटी ने कहा है कि टीम के लिए सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी नेमार इस टूनार्मेंट में खेलने के कम मौके मिलने के चलते निराश हैं। हालांकि कोच अब इस बात से खुश हैं कि दाहिनी पिंडली (काफ) की चोट से उबरने के बाद नेमार आखिरकार विश्व कप में ब्राजील के लिए अहम भूमिका निभाने को तैयार हैं। 34 साल के इस फारवर्ड को स्कॉटलैंड के खिलाफ ग्रुप-स्टेज की जीत में बेंच से आकर सिर्फ 14 मिनट खेलने का मौका मिला था। हालांकि अब एंसेलोटी के अनुसार नेमार इस मुकाबले में पूरे 90 मिनट खेल सकते हैं।

इस तरह रहा है ब्राजील का सफर

ब्राजील ने ग्रुप सी में शानदार शुरूआत की, जिसमें स्कॉटलैंड के खिलाफ नेमार की अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में बहुप्रतीक्षित वापसी भी शामिल रही। राउंड आॅफ-32 में ह्यूस्टन स्टेडियम में खेले गए इस नॉकआउट मैच में जापान के खिलाफ ब्राजील एक समय 0-1 से पिछड़ रहा था। इसके बाद कासिमिरो ने बराबरी का हेडर दागा और मैच के आखिरी क्षणों (96वें मिनट) में मार्टिनेली के गोल से टीम ने 2-1 की नाटकीय जीत हासिल की। ब्राजील ने अपने अभियान में शानदार प्रदर्शन करते हुए राउंड आॅफ-16 में अपनी जगह पक्की कर ली है। कार्लो एंसेलोटी के मार्गदर्शन में खेल रही पांच बार की चैंपियन टीम ने राउंड आॅफ-32 में जापान को रोमांचक मुकाबले में 2-1 से हराया, जहां गैब्रियल मार्टिनेली ने इंजरी टाइम में विजयी गोल दागा।

नॉर्वे ने 28 साल बाद की शानदार वापसी

नॉर्वे ने 28 साल के लम्बे अंतराल के बाद फीफा वर्ल्ड कप में शानदार वापसी की और अपने स्टार खिलाड़ियों के दम पर इतिहास रचते हुए ‘राउंड आॅफ 16’ तक का सफर तय किया है।  इधर हालैंड नार्वे के लिए इस टूनार्मेंट में पांच गोल करते हुए टीम की सफलता के प्रमुख स्तंभ बने हुए हैं। अगर वह इस मुकाबले में भी अपने रंग में दिखे तो ब्राजील के लिए मुश्किल हो सकती है। नार्वे की पूरी टीम हालैंड के गोल करने की क्षमता पर ही निर्भर रहती है, ब्राजील ने इन्हें रोक लिया तो काम बन जाएगा।

ये भी पढ़ें : Women T20 World Cup Final : ऑस्ट्रेलिया की दमदार गेंदबाजी का तोड़ निकाल पाएगा इंग्लैंड

  • TAGS
  • [post_tags]