सनातन धर्म में गंगा को माता का दर्जा है प्राप्त
Ganga Dussehra, (आज समाज), नई दिल्ली: सनातन धर्म में गंगा को माता का दर्जा प्राप्त है। माता गंगा स्वर्ग से निकलकर धरती पर आई। गंगा को शास्त्रों में सबसे पवित्र नदी बताया गया है। पूजा-पाठ और हर शुभ काम में गंगाजल का उपयोग किया जाता है। गंगा नदी में डुबकी लगाने से व्यक्ति के सभी पाप धुल जाते हैं और मृत्यु के बाद मोक्ष की प्राप्ति होती है।
मृत्यु के बाद अस्थियां गंगा में ही वसर्जित की जाती हैं। इससे मां गंगा का महत्व जाना जा सकता है। यही कारण भी है मां गंगा को मोक्षदायनी कहा गया है। मां गंगा के साल भर में दो पर्व मनाए जाते हैं। एक गंगा सप्तमी और दूसरा गंगा दशहरा।
गंगा दशहरा के दिन ही मां गंगा स्वर्ग से धरती पर अवतरित हुई थीं
ज्येष्ठ मास के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि को गंगा दशहरा का पर्व मनाया जाता है। इस साल गंगा दशहरा 25 मई को मनाया जाने वाला है। पौराणिक मान्यता है कि गंगा दशहरा के दिन ही मां गंगा स्वर्ग से धरती पर अवतरित हुई थीं। इस दिन गंगा स्नान, पूजा-पाठ और दान का विशेष महत्व है। गंगा दशहरा के दिन संख्या दस को भी बहुत महत्वपूर्ण माना गया है। आइए जानते हैं इसके पीछे की वजह।
गंगा दशहरा पर 10 अंक का महत्व
पौराणिक कथाओं के अनुसार, जब माता गंगा स्वर्ग से धरतीलोक पर अवतरित हुई थीं, तो वह ज्येष्ठ मास के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि थी। इसके साथ ही इस तिथि पर आकाश और ज्योतिष मंडल में 10 विशिष्ट और शुभ योगों का निर्माण एक साथ हुआ था। इसी वजह से इस दिन को अद्वितीय फल देने वाला कहा गया है। मान्यता है कि इस दिन गंगा नदी में श्रद्धापूर्वक डुबकी लगाने या मां गंगा का ध्यान करने से व्यक्ति के 10 प्रकार के पाप नष्ट हो जाते हैं।
ये पाप होते हैं नष्ट
ये पाप इस प्रकार हैं. शारीरिक पाप: हिंसा करना, चोरी करना और परस्त्री गमन (पराई स्त्री के साथ संबंध)। वाणी संबंधी पाप: कटु वचन बोलना, झूठ बोलना, पीठ पीछे चुगली करना और व्यर्थ की बातें। मानसिक पाप: दूसरों के धन को हड़पने की इच्छा, किसी का बुरा सोचना और असत्य।
स्नान- दान में 10 का नियम
इस दिन श्रद्धालुओं को 10 तरह की वस्तुएं (जैसे फल, सत्तू, मटका, हाथ का पंखा, वस्त्र और अन्न आदि) 10 की संख्या में जरूरतमंदों को दान करना चाहिए। इसी के साथ इस दिन पर स्नान के समय भी 10 बार डुबकी लगानी चाहिए।


