Hindu Nav Varsh: हिंदू नववर्ष की शुरूआत क्यों मानी जाती है खास

0
219
Hindu Nav Varsh: हिंदू नववर्ष की शुरूआत क्यों मानी जाती है खास
Hindu Nav Varsh: हिंदू नववर्ष की शुरूआत क्यों मानी जाती है खास

जानें नए पंचांग और ग्रह-नक्षत्र के बारे में
Hindu Nav Varsh, (आज समाज), नई दिल्ली: चैत्र माह की शुरूआत हो चुकी है। इसी महीने से हिंदू नववर्ष शुरू हो जाता है। हर साल चैत्र माह की शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा से हिंदू नववर्ष शुरू हो जाता है। इस साल हिंदू नववर्ष गुरुवार 19 मार्च से शुरू होगा। इस साल आरंभ होने वाला नया वर्ष विक्रम संवत 2083 होगा।

इसे रौद्र संवत्सर के नाम से जाना जाएगा। हिंदू पंचांग के अनुसार, इसी दिन से चैत्र नवरात्रि शुरू होगी। महाराष्ट्र सहित कई राज्यों में इस दिन गुड़ी पाड़वा मनाया जाता है। ऐसे में आइए जानते हैं हिंदू नववर्ष की शुरूआत क्यों खास मानी जाती है? साथ ही जानते हैं नए पंचांग और ग्रह-नक्षत्र बारे में।

हिंदू नववर्ष क्यों है विशेष?

हिंदू नववर्ष की शुरूआत के साथ ही ग्रह और नक्षत्रों की स्थिति में बड़ा बदलाव होता है। पौराणिक, आध्यात्मिक और प्राकृतिक कारणों से भी हिंदू नववर्ष बहुत विशेष माना जाता है। हिंदू नववर्ष की शुरूआत व्रत और त्योहारों के साथ होती है, जिसमें चैत्र नवरात्रि प्रमुख मानी जाती है। चैत्र माह में ठंड विदा लेती है और गर्मी दस्तक देती है। यही कारण है कि इस माह शरीर का संतुलन बनाए रखने के लिए सात्विक आहार और व्रतों पर जोर दिया जाता है।

पौराणिक कारण

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, हिंदू नववर्ष के दिन से ही यानी चैत्र माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि से ब्रह्मा जी ने संसार की रचना प्रारंभ की थी। इसी कारण इस माह को सृजन और नव आरंभ का प्रतीक माना गया है। भगवान विष्णु ने इसी माह मत्स्य अवतार लिया था। यह भी मान्यता है कि इसी तिथि से सतयुग शुरू हुआ था। बाद में सम्राट विक्रमादित्य ने इसी दिन से नए संवत्सर की गणना शुरू की। उनके नाम पर ही इस पंचांग को विक्रम संवत कहा जाता है।

कौन होगा राजा और मंत्री?

हिंदू नववर्ष में राजा और मंत्री का निर्धारण का आधार वो वार होता है, जिस दिन से नया संवत शुरू होता है। 19 मार्च को नववर्ष शुरू होने वाले दिन गुरुवार है। ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, गुरुवार होने के कारण इस वर्ष के राजा गुरु ग्रह माने जाएंगे। वहीं मंत्री पद मंगल ग्रह को प्राप्त होगा।

कैसा रहेगा ये साल?

इस बार नववर्ष की शुरूआत उत्तराभाद्रपद नक्षत्र में हो रहा है। इस समय शुक्ल योग के साथ मीन लग्न रहेगा। विक्रम संवत 2083 का नाम ह्यरौद्रह्ण है। इस शब्द का अर्थ तीव्र या उग्र प्रवृत्ति से जुड़ा है। शास्त्रों में वर्णित है कि रौद्र संवत्सर में वर्षा सामान्य से कम हो सकती है। इसका असर कृषि उत्पादन पर दिख सकता है। इस साल अग्नि संबंधी घटनाएं, प्राकृतिक आपदाएं और राजनीतिक अस्थिरता जैसी स्थितियां आ सकती हैं।

ये भी पढ़ें: कब है रंग पंचमी, जिस दिन खेली जाएगी अनोखी होली

  • TAGS
  • [post_tags]