जानें डेट शुभ मुहूर्त, पूजा विधि और महत्व
Papamochani Ekadashi, (आज समाज), नई दिल्ली: सनातन धर्म में एकादशी बहुत ही पावन और विशेष व्रत माना जाता है। ये व्रत जगत के पालनहार भगवान श्रीहरि विष्णु को समर्पित है। हर माह में दो एकादशी व्रत पड़ते हैं। पहला माह के कृष्ण और दूसरा शुक्ल पक्ष में। अंग्रेजी कैलेंडर के हिसाब से मार्च माह चल रहा है, जबकि हिंदी पंचांग के अनुसार, चैत्र का माह शुरू हो चुका है। चैत्र माह में पापमोचनी और कामदा एकदशी का व्रत रखा जाता है।
चैत्र माह के कृष्ण पक्ष की एकादशी के दिन पापमोचनी एकादशी का व्रत रखा जाता है। धार्मिक मान्यता है कि इस व्रत को रखने और भगवान विष्णु का विधि-विधान से पूजन करने पर सभी पापों का नाश हो जाता है। जीवन खुशहाल रहता है। ऐसे में आइए जानते हैं कि मार्च माह में पापमोचनी एकादशी का व्रत किस दिन रखा जाएगा? साथ ही जानते हैं इसका शुभ मुहूर्त पूजा विधि और महत्व।
पापमोचनी एकादशी व्रत 2026 डेट और शुभ मुहूर्त
पंचांग के अनुसार, चैत्र मास के कृष्ण पक्ष की एकादशी तिथि 14 मार्च 2026 की सुबह 08 बजकर 10 मिनट पर शुरू होगी। वहीं इस तिथि का समापन 15 मार्च 2026 की सुबह 09 बजकर 16 मिनट पर हो जाएगा। ऐसे में उदया तिथि को आधार मानते हुए मार्च माह में 15 तारीख को पापमोचनी एकादशी का व्रत रखा जाएगा। इस व्रत का पारण 16 मार्च 2026 की सुबह 06 बजकर 30 मिनट से लेकर 08 बजकर 54 मिनट के बीच किया जा सकेगा।
पापमोचनी एकादशी पूजा विधि
- पापमोचनी एकादशी के दिन सुबह सूर्योदय से पहले उठकर स्नान करें।
- इसके बाद सूर्य देवता को अर्घ्य दें। फिर विष्णु जी का ध्यान करते हुए व्रत का संकल्प लें।
- इसके बाद घर के मंदिर में चौकी बिछाकर भगवान विष्णु की प्रतिमा या तस्वीर रखें।
- पूजा के दौरान गंगाजल, फूल-फल, रोली-चंदन, हल्दी, धूप-दीप, मिष्ठान आदि अर्पित करें।
- भगवान विष्णु के मंत्रों का जाप करें।
- पापमोचनी एकादशी की व्रत कथा का पाठ करें।
- अंत में भगवान विष्णु की आरती करके पूजा का समापन करें।
पापमोचनी एकादशी का महत्व
पापमोचिनी एकादशी अपने नाम के अनुरूप ही फल प्रदान करती है। इस व्रत और भगवान विष्णु के पूजन के प्रभाव से जाने-अनजाने किए गए पापों से मुक्ति मिल जाती है। भगवान विष्णु की कृपा बरसती है, जिससे सुख-सौभाग्य प्राप्त होता है। इस व्रत का पुण्य फल मृत्यु के बाद मोक्ष दिलाता है।


