भगवान शिव और मां पार्वती की पूजा करने से जीवन में बनी रहती है सुख-शांति
Masik Shivratri, (आज समाज), नई दिल्ली: सनातन धर्म में शिवरात्रि और महाशिवरात्रि का पर्व बेहद खास होता है। महाशिवरात्रि साल में एक बार फाल्गुल माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि पर पड़ती है। मान्यता है कि इसी दिन शिव-पार्वती विवाह के बंधन में बंधे थे। वहीं हर माह की कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि के दिन मासिक शिवरात्रि मनाई जाती है। इस दिन विधि-विधान से भगवान शिव का पूजन किया जाता है। साथ ही व्रत किया जाता है।
चैत्र माह की मासिक शिवरात्रि कल मनाई जाने वाली है। मान्यताओं के अनुसार, इस दिन भगवान शिव की पूजा करने से जीवन में सुख-शांति बनी रहती है और जीवन की सभी परेशानियां दूर हो जाती हैं। ऐसे में आइए जानते हैं मासिक शिवरात्रि पर भगवान शिव की पूजा का मुहूर्त क्या रहेगा? साथ ही जानते हैं शिव पूजन की विधि।
चैत्र मासिक शिवरात्रि 2026 तिथि
पंचांग के अनुसार, चैत्र माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि 17 मार्च यानी कल सुबह 09 बजकर 23 मिनट पर शुरू होगी। इस तिथि का 18 मार्च 2026 को सुबह 08 बजकर 25 मिनट पर समापन हो जाएगा। चूंकि, शिव जी की पूजा शाम को प्रदोष और रात को निशिता काल में करने का महत्व है। ऐसे में चैत्र माह की मासिक शिवरात्रि कल मनाई जाएगी और इसका व्रत भी कल रखा जाएगा।
मासिक शिवरात्रि शुभ मुहूर्त
पूजा का मुहूर्त कल की मध्यरात्रि 12 बजकर 07 मिनट पर शुरू होगा। ये मुहूर्त देर रात 12 बजकर 55 मिनट पर समाप्त हो जाएगा। ऐसे में मासिक शिवरात्रि पर कुल 48 मिनट पूजा का समय रहेगा।
मासिक शिवरात्रि पूजा विधि
- मासिक शिवरात्रि की सुबह स्नान करके साफ कपड़े पहनें।
- इसके बाद व्रत और पूजा का संकल्प लें। फिर घर में या मंदिर जाकर पूजा करें। शिव जी का अभिषेक करें।
- फिर रात के समय पूजा के शुभ मुहूर्त में गंगाजल, दूध, दही, शहद, बेलपत्र, धतूरा और भांग, सफेद फूल आदि से शिव पूजन करें।
- ॐ नम: शिवाय मंत्र का जाप करें।
- अंत में आरती कर पूजा का समापन करें।
- मासिक शिवरात्रि में निर्जला व्रत रखा जाता है। फलाहार भी कर सकते हैं।


