जानें प्रदोष काल का शुभ मुहूर्त
Ravi Pradosh Vrat, (आज समाज), नई दिल्ली: हर माह के कृष्ण और शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी तिथि के दिन प्रदोष का व्रत रखा जाता है। आज आषाढ़ माह के शुक्ल पक्ष का प्रदोष व्रत है. आज रविवार है, इसलिए ये रवि प्रदोष व्रत है। शिव पुराण समेत अन्य कई पुराणों में प्रदोष व्रत का महत्व काफी अधिक बताया गया है।
धार्मिक मान्यता है कि प्रदोष व्रत, विशेषकर रवि प्रदोष का व्रत रखने और महादेव की पूजा करने से जीवन के सारे दुख और संकट दूर हो जाते हैं। भोलेनाथ के आशीर्वाद से घर में अन्न-धन की कभी कमी नहीं होती। मृत्यु के बाद आत्मा को शिव धाम में स्थान मिलता है। प्रदोष व्रत के दिन प्रदोष काल का महत्व बहुत बढ़ जाता है, क्योंकि इसी समय में भोलेनाथ की पूजा होती है।
शिव पूजा शुभ मुहूर्त
रवि प्रदोष व्रत पर आज भगवान शिव की पूजा का प्रदोष काल का शुभ मुहूर्त शाम को 07 बजकर 16 मिनट पर शुरू हो रहा है। पूजा का ये शुभ मुहूर्त रात को 09 बजकर 21 मिनट तक रहेगा। ऐसे में आज भक्तों को शिव पूजन के लिए 02 घंटे 05 मिनट का समय मिलेगा। इसी शुभ मुहूर्त में आज आप शिव जी का पूजन करें।
रवि प्रदोष व्रत की पूजा विधि
रवि प्रदोष व्रत के दिन यानी आज शाम के समय स्नान करें। फिर शिव पूजन की तैयारियां करें। पूजा के समय सबसे पहले भगवान शिव और माता पार्वती का स्मरण करें। फिर शिवलिंग पर जल और गंगाजल चढ़ाएं। प्रदोष व्रत के दिन शिवलिंग पर दूध, दही, शहद और घी से अभिषेक भी किए जाने की परंंपरा है।
अभिषेक के बाद शिवलिंग पर बेलपत्र, धतूरा और फूल चढ़ाएं। माना जाता है कि भगवान शिव को बेलपत्र बहुत प्रिय है। इसके बिना शिव पूजन पूरा नहीं होता। इसके बाद धूप और दीप जलाएं। रवि प्रदोष व्रत की कथा पढ़ें या सुनें। महामृत्युंजय मंत्र का जाप करें। अंत में आरती करके पूजा का समापन करें।
ये भी पढ़ें: शुरू हुआ चातुर्मास, इस माह में जरूर करें ये विशेष उपाय, जीवन की बाधाएं होंगी दूर!


