Badrinath Kapat Closing Ceremony: उत्तराखंड के बदरीनाथ धाम में सोमवार को भगवान बदरीविशाल के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं के पास आज आखिरी मौका है। मंदिर के कपाट सोमवार रात ठीक 9 बजकर 37 मिनट पर वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। कपाट बंद होने के साथ ही उत्तराखंड की चारधाम यात्रा 2026 का विधिवत समापन हो जाएगा। इस खास अवसर पर देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बदरीनाथ धाम पहुंच रहे हैं। इस वर्ष बदरीनाथ धाम की यात्रा श्रद्धालुओं की संख्या के लिहाज से भी बेहद खास रही है। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के मुताबिक इस यात्रा सीजन में अब तक सवा 23 लाख से अधिक श्रद्धालु भगवान बदरीविशाल के दर्शन कर चुके हैं। मंदिर के कपाट बंद होने से ठीक पहले भी धाम में भक्तों की आवाजाही जारी है। कड़ाके की ठंड और बर्फबारी के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ है।
रात 9:37 बजे बंद होंगे बदरीनाथ मंदिर के कपाट
बदरीनाथ मंदिर के कपाट बंद होने का शुभ मुहूर्त विजयदशमी के अवसर पर पारंपरिक पंचांग गणना के बाद निर्धारित किया गया था। 16 नवंबर की रात 9 बजकर 37 मिनट पर भगवान बदरीविशाल के मंदिर के मुख्य कपाट शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे। कपाट बंद होने से पहले मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए जा रहे हैं। अंतिम दिन भगवान बदरीविशाल का विशेष पुष्प श्रृंगार किया जाएगा, जिसके दर्शन श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहेंगे। शाम को मंदिर के रावल अमरनाथ नंबूदरी निर्धारित धार्मिक परंपराओं का निर्वहन करेंगे। माता लक्ष्मी को भगवान बदरीविशाल के गर्भगृह में विराजमान कराने की रस्म भी पूरी की जाएगी। इसके बाद भगवान कुबेर और उद्धव जी की मूर्तियों को गर्भगृह से बाहर लाया जाएगा और विधिवत आरती के पश्चात मंदिर के कपाट बंद कर दिए जाएंगे।
23 लाखश्रद्धालुओं ने किए बदरीविशाल के दर्शन
बदरीनाथ धाम की यात्रा 2026 में श्रद्धालुओं की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली। इस वर्ष 23 अप्रैल को सुबह 6 बजकर 15 मिनट पर वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले गए थे। कपाट खुलने के साथ ही देशभर से भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। अक्टूबर के अंतिम सप्ताह तक ही बदरीनाथ धाम में 21 लाख 25 हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके थे। इसके बाद नवंबर के पहले पखवाड़े में भी तीर्थयात्रियों की संख्या लगातार बढ़ती रही। 16 नवंबर को कपाट बंद होने से पहले यह आंकड़ा सवा 23 लाख के पार पहुंच गया।
कपाट बंद होने से पहले बदरीनाथ में हुई बर्फबारी
कपाट बंद होने से ठीक पहले बदरीनाथ धाम और आसपास के ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी हुई है। बर्फ की सफेद चादर से ढकी पहाड़ियों ने पूरे क्षेत्र का नजारा बदल दिया है। रविवार को हुई बर्फबारी के बाद तापमान में गिरावट आई और धाम में ठंड काफी बढ़ गई। हालांकि मौसम की कठिन परिस्थितियों के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं दिखाई दी। भक्त गर्म कपड़ों में भगवान बदरीविशाल के दर्शन के लिए पहुंचते रहे।
12 नवंबर से शुरू हुई थी कपाट बंद करने की पूजा
बदरीनाथ धाम के मुख्य कपाट बंद करने से पहले पांच दिनों तक विशेष धार्मिक अनुष्ठान किए जाते हैं, जिन्हें पंच पूजा कहा जाता है। इस वर्ष 12 नवंबर से पंच पूजा की शुरुआत हुई थी। इसके तहत प्रतिदिन निर्धारित परंपराओं के अनुसार पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई। 12 नवंबर को भगवान गणेश की पूजा के बाद गणेश मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद किए गए। 13 नवंबर को आदि केदारेश्वर मंदिर और आदि गुरु शंकराचार्य मंदिर के कपाट बंद किए गए। 14 नवंबर को खड्ग-पुस्तक पूजन संपन्न हुआ और वेद ऋचाओं के नियमित वाचन को शीतकाल के लिए विराम दिया गया।
15 नवंबर को माता लक्ष्मी को कढ़ाई भोग अर्पित कर भगवान बदरीविशाल के गर्भगृह में विराजमान होने का निमंत्रण दिया गया। अब16 नवंबर को माता लक्ष्मी को गर्भगृह में विराजमान कराया जाएगा। भगवान कुबेर और उद्धव जी की मूर्तियों को बाहर लाने के बाद रात 9:37 बजे मुख्य कपाट बंद होंगे। बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के बाद भगवान बदरीविशाल की पूजा-अर्चना शीतकालीन गद्दी स्थल पर जारी रहेगी। धार्मिक परंपरा के अनुसार भगवान उद्धव और कुबेर जी की उत्सव डोलियां 17 नवंबर को बदरीनाथ धाम से अपने शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना होंगी। भगवान बदरीविशाल की उत्सव डोली पांडुकेश्वर स्थित योगध्यान बदरी मंदिर पहुंचेगी, जहां शीतकाल के दौरान पूजा-अर्चना की परंपरा निभाई जाती है।


