संगरूर उपचुनाव: आम आदमी पार्टी ने झोंकी ताकत, सीएम भगवंत मान करेंगे रोड शो

0
211
CM Bhagwant Mann
CM Bhagwant Mann

आज समाज डिजिटल, Punjab News:
संगरूर लोकसभा उपचुनाव में जीत के लिए आम आदमी पार्टी ने ताकत झोंक दी है। पार्टी उम्मीदवार गुरमेल सिंह घराचों के चुनाव प्रचार में मुख्यमंत्री भगवंत मान भी उतरेंगे। वे लोकसभा क्षेत्र में रोड शो करेंगे। यह जानकारी आम आदमी पार्टी पंजाब के प्रभारी जरनैल सिंह ने दी। जरनैल सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। रोड शो की तैयारियों का जायजा लिया।

पिछली सरकारों ने पंजाब को कर्ज में डुबोया

जरनैल सिंह ने कहा कि कांग्रेस और अकाली-भाजपा की सरकारों ने पंजाब में नशा माफिया, खनन माफिया, केबल माफिया और गैंगस्टरों को संरक्षण दिया और पंजाब को कर्ज में डुबोया। उन्होंने कहा कि विपक्ष लगातार आप सरकार पर राज्य की कानून-व्यवस्था खराब करने के आरोप लगा रहा है, जबकि इन पारंपरिक दलों ने अपने शासन के दौरान अपराधियों को तैयार किया और पनाह दिया। जरनैल सिंह ने कहा कि संगरूर आम आदमी पार्टी की राजधानी है। मौजूदा मुख्यमंत्री भगवंत मान के कामों को देखते हुए क्षेत्र के लोग फिर से आप उम्मीदवार को बड़ी जीत दिलाकर संसद भेजेंगे।

छह मंत्री भी प्रचार अभियान में जुटे

आप प्रत्याशी गुरमेल के बारे में पंजाब प्रभारी ने कहा कि वह अपनी जड़ों से जुड़े हैं और पिछले कई सालों से संगरूर वासियों के कल्याण के लिए लगन से काम कर रहे हैं। गुरमेल सिंह गणित में स्नातकोत्तर तक पढ़े हैं और उन्होंने एमबीए भी किया है। राजनीति में प्रवेश करने से पहले, वह एक शिक्षक थे और 2018 तक विभिन्न स्कूलों में बच्चों को पढ़ाते थे। आप ने छह कैबिनेट मंत्रियों को चुनाव अभियान में उतारा है।

कैबिनेट मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल, ब्रह्म शंकर जिंपा, डॉ. बलजीत कौर, हरभजन सिंह, गुरमीत सिंह मीत हेयर और लालजीत सिंह भुल्लर को संगरूर संसदीय क्षेत्र के तहत आने वाले विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में प्रतिनियुक्त किया गया है। मंत्री सरकार की उपलब्धियों और अपने भ्रष्टाचार विरोधी अभियान की सफलता का प्रचार करेंगे।

ये भी पढ़ें : टीजीटी-पीजीटी के 5500 पदों पर भर्ती जल्द: मनोहर लाल

SHARE