राष्ट्रपति के आगमन को लेकर तैयारियां पूरी, इलाका नो ड्रोन जोन घोषित
President Droupadi Murmu Visit Ambala, (आज समाज), अंबाला: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज अंबाला आएंगी। वह यहां पर वायुसेना की ओर से आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करेंगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अंबाला एयरफोर्स स्टेशन का दौरा भी करेंगी। इस दौराप वह लड़ाकू विमान राफेल में उड़ान भरेंगी। साथ ही राष्ट्रपति राफेल विमान की तकनीक, परिचालन प्रणाली और सुरक्षा रणनीति से जुड़ी जानकारी अधिकारियों से लेंगी। साथ ही राफेल विमान के जरिए अंबाला एयरोस्पेस का एक चक्कर भी लगाएंगी।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भारतीय वायुसेना के अधिकारियों और जवानों को संबोधित करेंगी। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी है। वायुसेना और स्थानीय प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए है। एयरफोर्स स्टेशन के आसपास के इलाके को नो ड्रोन जोन घोषित किया गया है।
गार्ड आॅफ आॅनर दिया जाएगा
अंबाला एयरफोर्स स्टेशन पर पहुंचने पर राष्ट्रपति मुर्मू को गार्ड आॅफ आॅनर दिया जाएगा। इसके बाद वह अधिकारियों से औपचारिक रूप से मुलाकात करेंगी और एयरफोर्स स्टेशन की विभिन्न यूनिट्स का निरीक्षण भी करेंगी।
पुलिस, एसपीजी और एयरफोर्स की टीमें तैनात
राष्ट्रपति के कार्यक्रम को देखते हुए अंबाला प्रशासन और एयरफोर्स ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है। एयरफोर्स स्टेशन के आसपास नो ड्रोन जोन घोषित किया गया है। मोबाइल ले जाने की अनुमति नहीं होगी। केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही एयरफोर्स स्टेशन में प्रवेश दिया जाएगा। अंबाला के एसपी अजीत सिंह शेखावत ने बताया कि सुरक्षा के लिए हर एरिया में पुलिस, एसपीजी और एयरफोर्स की टीमें तैनात की गई हैं।
राष्ट्रपति सुबह 8 बजे दिल्ली से अंबाला के लिए होंगी रवाना
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रपति मुर्मू बुधवार सुबह लगभग 8 बजे दिल्ली से अपने विशेष विमान से अंबाला के लिए रवाना होंगी। करीब एक घंटे की उड़ान के बाद उनका विमान अंबाला एयरफोर्स स्टेशन पर उतरेगा।


