Prakash Singh Badal अस्पताल में भर्ती, राजनाथ ने फोन पर पूछा कुशलक्षेम

0
295
Prakash Singh Badal
अस्पताल में भर्ती पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और शिअद संरक्षक प्रकाश सिंह बादल।

Aaj Samaj (आज समाज), Prakash Singh Badal, चंडीगढ़: पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के संरक्षक प्रकाश सिंह बादल की रविवार को तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें सांस लेने में तकलीफ थी। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल से फोन पर बातचीत कर उनके पिता प्रकाश सिंह बादल के स्वास्थ्य की जानकारी ली।

रक्षा मंत्री ने की शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना

राजनाथ ने स्वयं ट्वीट कर कहा, मैंने शिअद अध्यक्ष सुखबीर बादल से बात की और अस्पताल में भर्ती पूर्व पंजाब सीएम प्रकाश सिंह बादल के स्वास्थ्य की जानकारी ली। मेरी भगवान से उनके अच्छे स्वास्थ्य और शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना है।

पांच बार सीएम रह चुके, 95 वर्ष उम्र

पांच बार पंजाब के मुख्यमंत्री रहे चुके प्रकाश सिंह बादल की उम्र 95 वर्ष है। बादल की हालत फिलहाल स्थिर बताई गई है। डॉक्टर लगातार नजर रखे हुुए हैं। पिछले साल जून में उदर व दमा संबंधी समस्याओं की शिकायत के बाद भी प्रकाश सिंह बादल को अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। वहीं, फरवरी 2022 में उन्हें कोविड-19 के बाद की जांच के लिए मोहाली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

रक्षा मंत्री भी कोविड संक्रमित, 20 अप्रैल से क्वारंटाइन

राजनाथ खुद भी कोरोना से जूझ रहे हैं। 20 अप्रैल को उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। अधिकारियों के अनुसार राजनाथ को कोरोना के हल्के लक्षण होने के बाद उन्होंने खुद को क्वारंटाइन कर लिया। रक्षा मंत्रालय ने बताया था कि राजनाथ 20 अप्रैल को दिल्ली में भारतीय वायुसेना के कमांडरों के सम्मेलन में शरीक होने वाले थे, पर कोरोना से संक्रमित होने के कारण वह समारोह में शामिल नहीं हो पाए थे।

गृह मंत्री अमित शाह ने भी ली थी बादल के स्वास्थ्य की जानकारी

गृह मंत्री अमित शाह ने भी बादल के स्वास्थ्य की जानकारी ली थी। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि यह जानकर चिंतित हूं कि दिग्गज नेता श्री प्रकाश सिंह बादल जी अस्वस्थ हैं और अस्पताल में भर्ती हैं। श्री सुखबीर सिंह बादल जी के साथ उनके स्वास्थ्य के बारे में टेलीफोन पर चर्चा की। मैं ईश्वर से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।

यह भी पढ़ें : Covid Update 22 April 2023: कोविड-19 के 12,193 नए मामले, 42 मरीजों की मौत

यह भी पढ़ें : Madhya Pradesh Accident: अस्थियां विसर्जन करने जा रहे परिवार के 3 लोगों की हादसे में मौत

यह भी पढ़ें : Political Analysts On INLD Padyatra: इनेलो के लिए पदयात्रा के जरिये आसान डगर नहीं खोई विरासत फिर हासिल करना

Connect With Us: Twitter Facebook

 

SHARE