आज से बदल रहा है मौसम, अगले छह दिन बारिश और तेज हवाओं का दौर रहेगा जारी
Punjab Weather Update (आज समाज), चंडीगढ़ : भीषण गर्मी से जूझ रहे पंजाब के लोगों के लिए राहत की खबर है। शनिवार को जहां प्रदेश का पार 44 डिग्री को छू रहा था। वहीं आज यानी रविवार से कुछ राहत मिली है। मौसम विभाग का कहना है कि यह मानसून की दस्तक नहीं बल्कि एक पश्चिमी विक्षोभ पंजाब के वायुमंडल में सक्रिय है जिसका असर आने वाले चार से पांच दिन तक बना रहेगा।
इस दौरान प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश होगी और तेज हवाओं का दौर भी जारी रहेगा। इसके बाद संभवत मानसून से संबंधित बदलाव शुरू हो सकते हैं। बीते 24 घंटे की बात करें तो प्रदेश में ज्यादात्तर जिलों का तापमान 40 से 45 डिग्री के बीच रहा। जिसके चलते प्रदेश वासियों को झुलसा देने वाली गर्मी का सामना करना पड़ा।
बठिंडा रहा सबसे ज्यादा गर्म
पंजाब में शनिवार को कुछ जगहों पर हीट वेव का प्रकोप रहा। 43.8 डिग्री के साथ बठिंडा सबसे गर्म रहा। पंजाब के तापमान में हालांकि 0.7 डिग्री की कमी दर्ज की गई, लेकिन अभी भी यह सामान्य से 3.1 डिग्री ऊपर बना है। मौसम विभाग के अनुसार अगले छह दिन पंजाब में कई जगहों पर 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बारिश पड़ने की संभावना है। विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान पंजाब के तापमान में कोई बदलाव नहीं आएगा, लेकिन इसके बाद 3 से 5 डिग्री तक की गिरावट देखी जा सकती है।
अमृतसर का अधिकतम तापमान 42.0 डिग्री, लुधियाना का 41.8 डिग्री, पटियाला का 42.6 डिग्री, पठानकोट का 41.5 डिग्री, फाजिल्का का 42.5 डिग्री, फिरोजपुर का 40.0 डिग्री, जालंधर का 40.1 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं अमृतसर का न्यूनतम पारा 27.9 डिग्री दर्ज किया गया। लुधियाना का न्यूनतम पारा 27.3 डिग्री, पटियाला का 28.8 डिग्री, बठिंडा का 30.0 डिग्री, फरीदकोट का 30.7 डिग्री, फिरोजपुर का 28.9 डिग्री और जालंधर का 27.1 डिग्री दर्ज किया गया।
24 घंटे में दो लोगों की मौत
प्रदेश में लू और गर्मी के चलते पिछले 24 घंटे में दो लोगों ने दम तोड़ दिया। इस तरह पंजाब में इस सीजन में गर्मी के चलते चार लोग अपनी जान गवां चुके हैं। पठानकोट में एक 35 साल का युवक गर्मी की वजह से अचानक बेहोश हो गया और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। इसी तरह मोगा में 55 साल का एक व्यक्ति बेहोश होकर गिर गया और दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों शवों को अस्पताल में रखवा दिया है। फिलहाल दोनों की पहचान नहीं हो सकी है।
सीजन में गर्मी से अब तक चार लोग दम तोड़ चुके हैं। इससे पहले बुधवार को भी दो लोगों की जान चली गई थी। सूबे के अधिकतम तापमान में 1.3 डिग्री की कमी दर्ज की गई। फिलहाल यह सामान्य से 2.9 डिग्री ऊपर बना है। न्यूनतम तापमान में 0.9 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई। यह सामान्य से 4.9 डिग्री ऊपर दर्ज किया गया। सबसे कम 28.3 डिग्री का न्यूनतम पारा पठानकोट का दर्ज किया गया।
ये भी पढ़ें : Punjab News : भाजपा को किसानों पर बोलने का हक नहीं : आप