- जून से अगस्त के बीच अल नीनो की 80 प्रतिशत संभावना
WMO Report, (आज समाज), नई दिल्ली: भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के बाद संयुक्त राष्ट्र की मौसम एजेंसी विश्व मौसम विज्ञान संगठन (डब्ल्यूएमओ) ने भी वैश्विक जलवायु को लेकर चेतावनी जारी की है। अधिकारियों ने कहा है कि भारत सहित कई देशों में आने वाले महीनों में सूखे की आशंका है।
अल नीनो के नवंबर तक बने रहने की संभावना
डब्ल्यूएमओ के मुताबिक प्रशांत महासागर में तेजी से बढ़ती गर्मी की वजह से जून से अगस्त के बीच अल नीनो विकसित होने के 80 फीसदी आसार हैं। अधिकारियों के अनुसार इसके नवंबर तक बने रहने की संभावना 90% से अधिक है और विशेषज्ञों का मानना है कि इसका व्यापक असर तापमान, बारिश व कृषि पर देखने को मिल सकता है।
निरंतर बढ़ रहा प्रशांत महासागर के समुद्री जल का तापमान
डब्ल्यूएमओ के मुताबिक प्रशांत महासागर के समुद्री जल का तापमान निरंतर बढ़ रहा है और इस वजह से तेजी के साथ अल नीनो की स्थिति विकसित हो रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह मौसमीय घटना वर्ल्ड लेवल पर बारिश के चक्र को प्रभावित करती है और कई क्षेत्रों में हीटेवेव, बाढ़, सूखा तथा चरम मौसम की घटनाओं को जन्म दे सकती है।डब्ल्यूएमओ ने चेताया है कि अगर अल नीनो मजबूत होता है तो इसका प्रभाव एशिया, अफ्रीका, आॅस्ट्रेलिया व अमेरिका सहित दुनिया के कई भागों पर पड़ सकता है।
मानसून में सामान्य से कम बारिश का अनुमान
आईएमडी के अनुसार इस साल मानसून में सामान्य से कम बारिश का अनुमान है। अधिकारियों ने बताया है कि फिलहाल दक्षिण-पश्चिम मानसून की रफ्तार भी धीमी है और इसके केरल पहुंचने में विलंब हुआ है। बता दें कि आमतौर पर दक्षिण-पश्चिम मानसून के केरल पहुंचने की तारीख एक जून के आसपास है, लेकिन इस बार इसके 4 जून यानी गुरुवार को पहुंचने का अनुमान लगाया गया है। अगर इस वर्ष बारिश में कमी आती है तो इसका सीधा प्रभाव जल भंडारण, कृषि उत्पादन व ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर पड़ सकता है।
वजह हो सकते हैं दो महत्वपूर्ण मौसमीय सिस्टम
विशेषज्ञों का यह भी कहना है कि यह जरूरी नहीं कि अल नीनो के असर के बावजूद भारत में मानसून पूरी तरह कमजोर हो। उनका कहना है कि इसकी वजह दो महत्वपूर्ण मौसमीय सिस्टम हो सकते हैं। पहला इंडियन ओशन डायपोल (आईओडी), जिसे हिंद महासागर का अल नीनो भी कहा जाता है। विशेषज्ञों के अनुसार अगर इसका सकारात्मक चरण एक्टिव रहता है तो यह अल नीनो के प्रभाव को काफी हद तक संतुलित कर सकता है। विशेषज्ञों के मुताबिक दूसरा मैडेन-जूलियन आॅस्सिलेशन (एमजेओ) है, जो बादलों व हवाओं का एक वैश्विक चक्र है। जब यह सिस्टम भारत के ऊपर एक्टिव होता है तो कमजोर मानसून में भी अच्छी बारिश देखने को मिलती है।
यह भी पढ़ें : Monsoon Update : कल केरल दस्तक दे सकता है


