Punjab Breaking News : अब भाजपा का विरोधी मतलब राष्ट्र विरोधी : मान

0
98
Punjab Breaking News : अब भाजपा का विरोधी मतलब राष्ट्र विरोधी : मान
Punjab Breaking News : अब भाजपा का विरोधी मतलब राष्ट्र विरोधी : मान

सीएम की केंद्रीय मंत्री को चुनौती कहा, अपने आकाओं से पूछें कि हर घर में सिंदूर भेजने के फैसले से क्यों पीछे हटे

Punjab Breaking News (आज समाज), चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने एक बार फिर से भाजपा और केंद्र सरकार पर तंज कसते हुए कहा है कि भाजपा देश के माहौल को बिगाड़ रही है। मान ने कहा कि देश में हालात बहुत दुखद हो गए हैं क्योंकि किसी भी पार्टी द्वारा भाजपा के खिलाफ कोई प्रचार या विचार व्यक्त करने पर अब उसे राष्ट्र विरोधी घोषित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बहुत ही हास्यास्पद है कि केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने आपरेशन सिंदूर पर उनके बयान पर कहा है कि वे पाकिस्तान की आवाज बुलंद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि बिट्टू ने ऐसे तर्कहीन बयान दिए हैं, जबकि दिल्ली में बैठे उनके आका बेबुनियाद बयान दे रहे हैं। भगवंत सिंह मान ने कहा कि केंद्रीय राज्य मंत्री यह भूल गए हैं कि उनकी अपनी पार्टी हर घर में सिंदूर भेजने के अपने फैसले से पीछे हट गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह का रवैया अनावश्यक और अनुचित है और यह देश हित में नहीं है।

देश-देश जाकर बताने की क्या जरूरत की हम जीत गए

उन्होंने कहा कि दुनिया के इतिहास में पहली बार कोई सरकार अपने नामित व्यक्तियों को दुनिया भर में भेज रही है ताकि सभी को यह बताया जा सके कि वे युद्ध में विजयी हुए हैं। भगवंत सिंह मान ने कहा कि जीत के बारे में किसी को बताने की जरूरत नहीं होती क्योंकि जीत खुद बोलती है। प्रदेश के एक यूट्यूबर की गिरफ्तारी के बारे में पूछे जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में सोशल मीडिया चैनलों को केंद्र सरकार नियंत्रित करती है।

हालांकि, उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश में कानून लागू करने वाली एजेंसियों के ध्यान में कोई भी राष्ट्र विरोधी गतिविधि आती है, तो उनके खिलाफ कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाती है। भगवंत सिंह मान ने स्पष्ट रूप से कहा कि देश के खिलाफ अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जा सकता और उनके खिलाफ नजीर बनने वाली कार्रवाई की जाती है।

ये भी पढ़ें : Jalandhar Breaking News : पंजाब में नशे की सप्लाई चेन तोड़ना ही हमारा मकसद : डीजीपी