Northeast Weather: सिक्किम में भारी बारिश के बाद भूस्खलन, हजारों पर्यटक फंसे

0
174
Northeast Weather
Northeast Weather: सिक्किम में तेज बारिश के बाद भारी भूस्खलन, हजारों पर्यटक फंसे

Heavy Rain In Sikkim, (आज समाज), गंगटोक: उत्तर भारत समेत देश के अधिकतर राज्यों में जहां इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है, वहीं पूर्वोत्तर में भारी बारिश हो रही है। सिक्किम में बारिश के बीच हुए भूस्खलन के कारण प्रभावित क्षेत्रों में लगभग 1000 पर्यटक फंस गए हैं। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार उत्तरी सिक्किम में लाचेन-चुंगथांग मार्ग पर मुंशीथांग क्षेत्र और इसी मार्ग पर लेमा/बॉब में लगातार भारी बारिश के बाद भारी भूस्खलन हुआ है।

पर्यटन स्थलों को जोड़ने वाले प्रमुख मार्ग प्रभावित

स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक भारी भूस्खलन ने उत्तरी सिक्किम में लाचेन, लाचुंग और युमथांग जैसे पर्यटन स्थलों को जोड़ने वाले प्रमुख मार्गों को प्रभावित किया है। ये जगहें वसंत और गर्मियों के मौसम में पर्यटकों के बीच लोकप्रिय क्षेत्र हैं। उन्होंने बताया कि बचाव कार्य जारी है, लेकिन अब भी बारिश जारी है जिसके कारण स्थिति चिंताजनक है।

लोगों से गैर-जरूरी यात्रा से बचने का आग्रह

स्थानीय अधिकारियों ने विजिटर व इलाके के लोगों से सतर्क रहने और स्थिति में सुधार होने तक अनावश्यक यात्रा से बचने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा है कि चुंगथांग की ओर जाने वाला मार्ग खुला है, लेकिन फिसलन और अस्थिर एरिया के कारण बढ़ते जोखिम को देखते हुए लोगों से इस रास्ते से यात्रा न करने की अपील की गई है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि चुंगथांग में करीब 200 पर्यटक वाहन फंसे हुए हैं। वाहनों में सवार लोग वहां एक गुरुद्वारे में रह रहे हैं।

नए परमिट जारी करने पर अस्थायी रोक

अधिकारियों ने खतरे के मद्देनजर उत्तरी सिक्किम के लिए नए परमिट जारी करने पर अस्थायी रोक लगा दी है। अधीक्षक सोनम देचू भूटिया ने चुनौतीपूर्ण मौसम की स्थिति व भूस्खलन के बाद सड़क अवरोधों के चलते परमिट रद करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पहले जारी किए गए सभी अग्रिम परमिट अब तत्काल प्रभाव से रद कर दिए गए हैं। अधिकारियों ने सभी टूर आॅपरेटरों को अगले आदेश तक पर्यटकों को उत्तरी सिक्किम न भेजने का निर्देश दिया है।

चुंगथांग राजधानी गंगटोक से 100 किलोमीटर दूर

बता दें कि चुंगथांग सिक्किम की राजधानी गंगटोक से लगभग 100 किलोमीटर दूर है। भूटिया ने कहा कि चुंगथांग की सड़क खुली है, लेकिन भारी बारिश के कारण रात में उस तक नहीं पहुंचा जा सकता। इसलिए फिलहाल उत्तरी सिक्किम के लिए परमिट जारी नहीं किए जाएंगे।

पूर्वोत्तर राज्य अरुणाचल प्रदेश के वेस्ट कामेंग जिले के दिरांग इलाके में स्थित जंगल में भीषण आग लगी है। वीडियो में पूरे पहाड़ में आग की लपटें देखी जा रही हैं। स्थानीय प्रशासन, दमकल विभाग व पुलिस ने इलाके के लोगों की सहायता से आग को नियंत्रित कर लिया है। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।

भीषण गर्मी की चपेट में ये राज्य

पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा व तेलंगाना जैसे राज्यों में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। झारखंड सरकार ने स्कूलों का समय चेंज कर दिया है। देश की राजधानी दिल्ली में भी तेज गर्मी पड़ रही है। पारा 40 को पार कर गया है। वहीं महाराष्टÑ, गोवा और गुजरात के कुछ इलाकों में गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। महाराष्ट्र के ब्रह्मपुरी का तापमान गुरुवार को देश में सबसे ज्यादा 45.9 डिग्री रहा। े

यह भी पढ़ें : J-K Weather Updates: जम्मू-कश्मीर के रामबन में बादल फटने से 3 लोगों की मौत