प्रदर्शनों में अभी तक 538 लोगों की मौत की जानकारी, अमेरिका जल्द कर सकता है निर्णायक कार्रवाई
Iran Protest (आज समाज), तेहरान : ईरान में सरकार के खिलाफ चल रहे विरोध प्रदर्शन लगातार विशाल व हिंसक होते जा रहे हैं। लगभग दो सप्ताह पहले शुरू हुए यह प्रदर्शन अब पूरे देश में फैल चुके हैं। जिससे आर्थिक अस्थिरता में फंसा ईरान राजनीतिक अस्थिरता के चरम पर पहुंच चुका है।
इन प्रदर्शनों के चलते पूरे देश में तनाव का माहौल है और जगह-जगह पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़पें देखने को मिल रहीं हैं। ईरान में छपे समाचारों के अनुसार राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शनों के दौरान हिंसा और दमन की कार्रवाई में अब तक 538 लोगों की मौत हो चुकी है। इंटरनेट और फोन सेवाएं बंद होने से हालात की स्वतंत्र पुष्टि करना मुश्किल हो गया है।
10 हजार से ज्यादा लोग हिरासत में लिए गए
खबरों के मुताबिक प्रदर्शनों से जुड़ी हिंसा में अब तक 538 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 10,670 लोगों को हिरासत में लिया गया है। वहीं अमेरिका स्थित ह्यूमन राइट्स एक्टिविस्ट न्यूज एजेंसी के अनुसार, प्रदर्शनों में जान गंवाने वालों की संख्या में भारी वृद्धि हुई है। एजेंसी के अनुसार, मृतकों में 450 से अधिक प्रदर्शनकारी और 41 सुरक्षा बलों के सदस्य शामिल हैं। ईरान सरकार ने प्रदर्शनों में हताहतों की संख्या जारी नहीं की है।
ईरान संसद अध्यक्ष ने अमेरिका को दी चेतावनी
इसी बीच ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाकर कालिबाफ ने चेतावनी दी है कि अगर अमेरिका ईरान पर हमला करता है तो अमेरिकी और इस्राइली सैनिकों को भी निशाना बनाया जाएगा। यह चेतावनी ऐसे समय आई है, जब राजधानी तेहरान और देश के दूसरे सबसे बड़े शहरों में प्रदर्शन दो हफ्ते से ज्यादा समय से जारी हैं। संसद में यह बयान उस वक्त आया, जब सांसद नारेबाजी करते हुए आसन के पास पहुंच गए और अमेरिका मुर्दाबाद के नारे लगाए।
विदेश में मौजूद लोगों को आशंका है कि सूचनाओं पर पाबंदी के कारण सुरक्षा बलों के सख्त रुख को बढ़ावा मिल सकता है। इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर प्रदर्शनकारियों के प्रति समर्थन जताया। उन्होंने कहा कि अमेरिका मदद के लिए तैयार है। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ट्रंप को ईरान पर संभावित सैन्य कार्रवाई के विकल्प बताए गए हैं, हालांकि अंतिम फैसला नहीं हुआ है।
ये भी पढ़ें : Weather Update : शीत लहर की चपेट में आया समूचा उत्तर भारत


