
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने पहली बार दिया बयान
Ram Mandir Chadhawa Chori, (आज समाज), अयोध्या: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में बजरंग दल के संस्थापक और बीजेपी नेता विनय कटियार का बड़ा बयान सामने आया है। विनय कटियार ने चढ़ावा चोरी मामले में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय, एडमिनिस्ट्रेटर गोपाल राव और पूर्व ट्रस्टी अनिल मिश्रा को जिम्मेदार ठहराया है। नेता विनय कटियार ने कहा, यह साफ है कि पैसों का गबन हुआ है।
ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा और आमंत्रित ट्रस्ट सदस्य गोपाल राव किसी कारण से बच गए, जेल नहीं गए। हो सकता है कि आगे जेल जाएं। उन्होंने न्यूज एजेंसी एएनआई से कहा, मामले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से रात 2 बजे बात हुई। पीएम ने पूछा- अरे भाई, क्या-क्या होगा अब? मैंने उसने कहा- कुछ नहीं, सब ठीक हो जाएगा।
राम भक्तों की भावना एवं श्रद्धा को आघात पहुंचा, दोषियों को कठोर दंड मिलना चाहिए: होसबाले
वहीं, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी को दुर्भाग्यपूर्ण घटना करार दिया और कहा कि इससे राम भक्तों की भावना एवं श्रद्धा को आघात पहुंचा है तथा इस घटना से हम सभी आहत हैं।
दत्तात्रेय होसबाले ने जारी बयान में कहा कि श्री राम जन्मभूमि पर निर्मित भव्य मंदिर पीढ़ियों के संघर्ष और करोड़ों रामभक्तों के समर्पण, त्याग एवं बलिदान के कारण संपूर्ण हिंदू समाज के लिए श्रद्धा, आस्था और भक्ति का केंद्र बना है। स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उन्हें कठोर दंड मिलना चाहिए।
धैर्य और संयम का करें पालन
उन्होंने साफ कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ संपूर्ण हिन्दू समाज से भी आह्वान करता है कि इस कठिन क्षण में वह आवश्यक धैर्य और संयम का परिचय दें तथा इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना का लाभ उठाकर हिन्दू विरोधी, राष्ट्र विरोधी शक्तियों के हिंदू धर्म एवं समाज को बदनाम करने के षड़यंत्रों को विफल करे।
ये भी पढ़ें: 20 जुलाई से शुरू हो सकता है संसद का मानसून सत्र, हंगामेदार रहने के आसार

