Himachal Accident News : चंबा में खाई में गिरा वाहन, सात की मौत

0
633
Himachal Accident News : चंबा में खाई में गिरा वाहन, सात की मौत
Himachal Accident News : चंबा में खाई में गिरा वाहन, सात की मौत

धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे हादसे का शिकार सभी लोग, सभी ने मौके पर ही तोड़ा दम, मृतकों में तीन महिलाएं भी शामिल

Himachal Accident News (आज समाज), चंबा : आज सुबह हिमाचल के चंबा में हुए दर्दनाक हादसे में बोलेरो सवार सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने के कारण हुआ। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा चंबा-मसरूंड मार्ग पर छतरूंड के समीप हुआ। बताया जा रहा है कि मृतकों में तीन महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं जोकि एक ही परिवार से संबंधित बताए जा रहे हैं। इसके साथ ही इस हादसे में बोलेरो चालक की भी मौत हो गई है।

हादसे के कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सके

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बोलेरो (एचपी-01सी-2581) में ग्राम महल पंचायत के सपरोठ गांव के छह लोग, जिनमें तीन महिलाएं और तीन पुरुष शामिल थे और वाहन का चालक सवार था। ये सभी लोग काकड़ोथा गांव में आयोजित एक मुंडन संस्कार में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान छतरूंड के पास अनियंत्रित होकर वाहन सड़क से लुढ़क गया और खाई में समा गया। खाई की गहराई लगभग 500 मीटर बताई जा रही है।

सभी शवों को खाई से बाहर निकाला गया

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे। तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। गहरी खाई से सभी सात शवों को बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के कारणों की पुष्टि हो सके। प्र्रशासन ने इस भीषण हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। सड़कों की स्थिति, वाहन की गति, या किसी अन्य यांत्रिक खराबी जैसे संभावित कारणों की जांच की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे ने सपरोठ पंचायत में मातम का माहौल बना दिया है।