पिछले कुछ दिनों से दोनों एक दूसरे पर कर रहे हमले, होर्मुज में आवाजाही हुई बाधित, पश्चिम एशिया में दोबारा बढ़ा तनाव
West Asia Crisis (आज समाज), वॉशिंगटन/तेहरान : पिछले करीब तीन-चार दिन से एक दूसरे के खिलाफ हमले करने के बाद आज एक बार फिर ेसे अमेरिका और ईरान के प्रतिनिधि बातचीत करने को तैयार हो गए हैं। यह बातचीत इस बार जिनेवा में न होकर कतर की राजधानी दोहा में होने जा रही है। हालांकि पिछली बातचीत के दौरान भी सार्थक परिणाम सामने आए थे लेकिन पिछले कुछ दिन से दोनों देशों द्वारा एक दूसरे पर किए जा रहे हमलों से स्थिति एक बार फिर से तनावपूर्ण हो गई थी।
शनिवार को जहां अमेरिका ने ईरान के मिसाइल ठिकानों पर हमले बोले तो इसके तुरंत बाद ईरान ने भी अमेरिका के आठ सैनिक ठिकानों पर ड्रोन हमले कर दिए। जिससे एक तरफ जहां होर्मुज में आवाजाही बाधित हुई वहीं दोबारा से युद्ध के हालात बनते दिखाई दिए।
पुराने विवाद खत्म करने पर सहमत दिख रहे दोनों
अमेरिका और ईरान अपने पुराने विवादों को खत्म करने पर सहमत हुए हैं। एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी के अनुसार, दोनों देश मंगलवार को कतर की राजधानी दोहा में बैठक करेंगे। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर चल रहे विवाद को सुलझाना है। अधिकारियों ने बताया कि दोनों पक्षों ने सभी तरह की सैन्य गतिविधियों और हमलों को रोकने का फैसला किया है। फिलहाल दोनों पक्ष पीछे हटने को तैयार हैं ताकि अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग में जहाजों की आवाजाही बिना किसी रुकावट के हो सके।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने दी ईरान को चेतावनी
यह समझौता काफी नाजुक स्थिति में है क्योंकि युद्धविराम को अभी केवल 11 दिन ही हुए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी है कि अगर ईरान ने शर्तों का पालन नहीं किया, तो वह दोबारा युद्ध शुरू कर सकते हैं और काम तमाम कर देंगे। इस तनावपूर्ण माहौल के बीच तकनीकी बातचीत जारी रखने पर सहमति बनी है।
होर्मुज को लेकर ईरान ने यह दावा किया
इस बीच, वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने रविवार को दावा किया कि प्रारंभिक शांति समझौते के तहत ईरान के पास होर्मुज जलडमरूमध्य में यातायात प्रबंधन का विशेष अधिकार है। हालांकि, अमेरिका इस तर्क का विरोध कर रहा है। अमेरिका का कहना है कि समझौते के तहत ईरान को नियंत्रण नहीं दिया गया है और अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग में जहाजों की आवाजाही पूरी तरह स्वतंत्र होनी चाहिए।
ये भी पढ़ें : Pakistan-Afghanistan Conflict : पाकिस्तानी सेना ने अफगानिस्तान सीमा पर की बड़ी स्ट्राईक


