अमेरिका-ईरान के बीच वार्ता का पहला दौर खत्म, दोनों देश अपनी-अपनी शर्तों पर अड़े
West Asia Crisis (आज समाज), वॉशिंगटन : अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते के पहले दौर वार्ता समाप्त हो चुकी है। पहले दौर की वार्ता के दौरान ज्यादा प्रगति नहीं हुई और दोनों देश अपनी-अपनी शर्तों पर अड़े रहे। ज्ञात रहे कि यह बैठक स्विट्जरलैंड के जिनेवा शहर में हुई, जिसका मकसद पश्चिम एशिया में तनाव को कम करना था। हालांकि इस बैठक के दौरान अमेरिकी राष्टÑपति का बड़ा बयान सामने आया जिसके बाद दोनों देशों के बीच सहमति बनने की बजाय एक बार फिर से तल्खी बढ़ गई। यह तल्खी इस वार्ता के आने वाले दौर में भी अपना प्रभाव डाल सकती है।
बैठक में यह हुए शामिल
इस बैठक में अमेरिका की तरफ से उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, जेरेड कुशनर और स्टीव विटकॉफ शामिल हुए, वहीं ईरान का नेतृत्व विदेश मंत्री अब्बास अराघची और मुख्य वातार्कार मोहम्मद बागेर गालिबाफ ने किया। इस चार पक्षीय चर्चा में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, फील्ड मार्शल आसिम मुनीर और कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुल रहमान अल थानी भी मौजूद रहे।
ट्रंप के इस बयान से बिगड़ा माहौल
बैठक के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बड़ा बयान देते हुए ईरान को लेकर बेहद सख्त रुख अपनाया है। ट्रंप ने चेतावनी दी कि अगर ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने की कोशिश की, तो अमेरिका उसे पूरी तरह तबाह कर देगा। उन्होंने यहां तक कह दिया कि ऐसी स्थिति में ईरानी प्रतिनिधिमंडल अपने देश वापस भी नहीं लौट पाएगा। ट्रंप ने कहा कि अगर बातचीत नाकाम रहती है, तो अमेरिका इस समुद्री रास्ते पर अपना कब्जा कर सकता है।
उन्होंने एक नया प्रस्ताव रखते हुए कहा कि वहां से गुजरने वाले तेल के जहाजों से उनकी कीमत का 20 प्रतिशत हिस्सा टैक्स (टोल) के रूप में वसूला जा सकता है। ट्रंप का तर्क है कि अमेरिका ने इस इलाके की सुरक्षा और समुद्री रास्तों को बचाने पर अरबों डॉलर खर्च किए हैं, इसलिए उसे यह पैसा वापस मिलना चाहिए। उन्होंने अमेरिकी सेना को इस क्षेत्र का ‘गार्जियन एंजल’ के तौर पर पेश किया और कहा कि सुरक्षा के बदले भुगतान मिलना जरूरी है।
ईरान की तरफ से यह मांग रखी गई
दूसरी ओर, ईरान ने भी कड़ा रुख अपनाया है। ईरानी वातार्कार मेहदी घोरबनजादेह ने कहा कि जब तक लेबनान के हालात नहीं सुधरते और ईरान को आर्थिक लाभ नहीं मिलता, तब तक परमाणु कार्यक्रम जैसे दूसरे मुद्दों पर कोई बात नहीं होगी। ईरान चाहता है कि अमेरिका प्रतिबंधों में ढील दे और उसकी रुकी हुई संपत्ति को वापस करे। ट्रंप की धमकियों से नाराज होकर ईरानी अधिकारियों ने फोटो खिंचवाने से मना कर दिया और बैठक बीच में ही छोड़कर बाहर निकल गए।


