उत्तरी भारत में पश्चिमी विक्षोभ के असर से बदला मौसम
Weather Update (आज समाज), नई दिल्ली : पिछले करीब दो सप्ताह से रुका मानसून एक बार फिर से सक्रिय हो गया है। मानसून की सक्रियता के चलते देश के कई राज्यों में तेज बारिश और आंधी की चेतावनी दी गई है। ज्ञात रहे कि इस साल दक्षिण-पश्चिमी मानसून अपने निर्धारित समय से चार दिन देरी से भारत पहुंचा था। इसके बाद यह तेज गति से देश के कई राज्यों में छाया लेकिन आठ और नौ जून के बाद इसकी गति पर रोक लग गई।
जिससे देश में ज्यादात्तर राज्यों में सूखे की स्थिति बन गई। अब इसने एक बार फिर से रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग (आईएमडी) ने अगले कुछ दिनों के दौरान कई राज्यों में भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। दूसरी ओर, मध्य और उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में अभी भी लू का असर बना हुआ है।
इन राज्यों में अच्छी बारिश की संभावना
विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। अगले कुछ दिनों में (23 जून के आसपास) मानसून महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के अन्य हिस्सों में आगे बढ़ सकता है। मानसून की सक्रियता बढ़ने से देश के अधिकतर क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। पूर्वोत्तर भारत में अगले पांच दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कई स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी अत्यधिक भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है।
इन राज्यों में चलेंगी तेज हवाएं
मौसम विभाग ने पूर्वी भारत, छत्तीसगढ़, राजस्थान और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। कुछ स्थानों पर हवा की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। कई राज्यों में बिजली गिरने की भी आशंका है। जम्मू-कश्मीर में ओलावृष्टि और पश्चिमी राजस्थान में धूल भरी आंधी चल सकती है।
दिल्ली सहित उत्तर भारत में भी बदला मौसम
एक तरफ जहां कई राज्यों में मानसून की सक्रियता के चलते बारिश हो रही है। वहीं दिल्ली सहित उत्तरी भारत के ज्यादात्तर राज्यों में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते मौसम में बदलाव दिखाई दे रहा है। जम्मू-कश्मीर से लेकर पंजाब, हरियाणा, दिल्ली सहित सभी राज्यों में आसमान में बादल छाए हुए हैं। कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं का दौर चल रहा है। जिससे तापमान में आज गिरावट दर्ज की जा रही है। जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।
ये भी पढ़ें : West Asia Crisis : शांति वार्ता के बीच ट्रंप के बयान से बढ़ी तल्खी


