अमेरिकी संसद के उच्च सदन सीनेट ने ईरान जंग के खिलाफ प्रस्ताव किया पास, 1973 के बाद पहला मामला जब अमेरिकी कांग्रेस के दोनों सदनों ने किसी राष्ट्रपति से ऐसी मांग की
West Asia Crisis (आज समाज), वॉशिंगटन : अमेरिका ने जब 28 फरवरी 2026 को इजरायल के साथ मिलकर ईरान के खिलाफ युद्ध शुरू किया था तो शायद उसे भी इस बात का आभास नहीं था कि यह युद्ध उसके लिए इतना महंगा साबित होगा। आखिरकार करीब साढ़े तीन माह बाद ट्रंप ने इस युद्ध को समाप्त करने और स्थाई समझौते के लिए शांति वार्ता शुरू करने की घोषणा की।
हालांकि इस सब के बीच दोनों देशों के बीच अभी भी तनाव बना हुआ है और दोनों तरफ से ऐसे ही बयान सामने आ रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ डोनाल्ड ट्रंप अपने इस फैसले को लेकर अपने ही देश में विरोध का सामना कर रहे हैं। अमेरिकी संसद के उच्च सदन सीनेट ने ईरान जंग के खिलाफ प्रस्ताव पास किया है। 50-48 वोटों से मंजूर हुए इस प्रस्ताव में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई रोकने के लिए कहा गया है। इससे पहले हाउस आॅफ रिप्रेजेंटेटिव में भी इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल चुकी है।
ट्रंप की पार्टी में बढ़ रही बगावत
1973 के वॉर पॉवर्स एक्ट के बाद यह पहला मौका है, जब अमेरिकी कांग्रेस के दोनों सदनों ने किसी राष्ट्रपति से युद्ध जैसी कार्रवाई खत्म करने की मांग की है। वोटिंग के दौरान चार रिपब्लिकन सांसदों ने भी डेमोक्रेट्स का साथ दिया, जिससे ट्रंप की पार्टी के भीतर बढ़ती बागवत भी सामने आई है। हालांकि व्हाइट हाउस ने कहा है कि इस प्रस्ताव का कोई कानूनी असर नहीं होगा और अमेरिकी सैन्य कार्रवाई पहले ही समाप्त हो चुकी है।
खाड़ी देशों के दौरे पर पहुंचे अमेरिकी विदेश मंत्री
इसी बीच अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो यूएई, बहरीन और कुवैत के दौरे पर पहुंचे हैं। उनका मकसद अमेरिका-ईरान समझौते को लेकर खाड़ी देशों की चिंताओं को दूर करना है। इन देशों को आशंका है कि समझौते से होर्मुज स्ट्रेट में ईरान का प्रभाव बढ़ सकता है। साथ ही समझौते में ईरान के मिसाइल कार्यक्रम पर कोई स्पष्ट शर्त नहीं होने से भी सवाल उठ रहे हैं।
ये भी पढ़ें : Jammu-Kashmir News : जम्मू-कश्मीर भारत का पूर्णतः आंतरिक मामला : पी हरीश


