Weather Update : आज रात से बदलेगा मौसम, नया पश्चिमी विक्षोभ होगा सक्रिय

0
478
Weather Update : आज रात से बदलेगा मौसम, नया पश्चिमी विक्षोभ होगा सक्रिय
Weather Update : आज रात से बदलेगा मौसम, नया पश्चिमी विक्षोभ होगा सक्रिय

अगले तीन दिन तेज हवा व हल्की बारिश का अनुमान, पहाड़ों में बर्फ गिरेगी, मैदानों में ओलावृष्टि की संभावना

Weather Update (आज समाज), नई दिल्ली : उत्तर भारत में भीषण ठंड व घने कोहरे के बीच आज रात से मौसम में बदलाव आने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले सात दिनों के दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बारिश और बर्फबारी की संभावना है।

इसके साथ ही उत्तर भारत के मैदानी भागों में 22 व 23 जनवरी को तेज हवाएं चलने के साथ हल्की बारिश हो सकती है। वहीं कहीं-कहीं ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। इससे पहले मंगलवार को जम्मू-कश्मीर में जहां न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई, वहीं पंजाब, हरियाणा और राजस्थान जैसे मैदानी राज्यों में पारा कुछ चढ़ा और सर्दी से राहत महसूस की गई।

इस तरह रहेगा आने वाले दिनों में मौसम

जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में 21 और 22 जनवरी को हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने का अनुमान है। कश्मीर घाटी के कुछ हिस्सों में 22 और 23 जनवरी को भारी बर्फबारी हो सकती है, जबकि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचे इलाकों में 23 जनवरी को बर्फबारी का असर दिखने की संभावना है। अगले 2-3 दिनों के दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी व पूर्वी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 23 जनवरी को जम्मू और कश्मीर, लद्दाख और आसपास के इलाकों में बारिश और बर्फबारी के दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और बिजली गिरने की आशंका भी है। इसी तरह 22 और 23 जनवरी को हिमाचल तथा 23 जनवरी को उत्तराखंड में गरज के साथ बारिश और वज्रपात के हालात बन सकते हैं।

दिल्ली में बारिश का अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार, 21 जनवरी की रात से नया विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा, जिससे 23 जनवरी को 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति वाली तेज हवाओं और गरज चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इसको लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

ये भी पढ़ें : Gold Price Update : सोना पहली बार डेढ़ लाख के पार

  • TAGS
  • [post_tags]