पहाड़ी राज्यों से आ रही बर्फीली हवाएं और कोहरा बढ़ा रहा परेशानी
Weather Update Today (आज समाज), नई दिल्ली : उत्तरी भारत के सभी राज्यों को सर्दी से निजात फिलहाल मिलती दिखाई नहीं दे रही। एक तरफ जहां पहाड़ों में लगातार बर्फबारी हो रही है तो वहीं मैदानी राज्यों में ठंडी तेज हवाएं और कोहरा परेशानी और सर्दी बढ़ा रहा है। जिससे उत्तर से लेकर पूर्वी भारत तक मौसम का मिजाज तल्ख बना हुआ है।
जम्मू-कश्मीर से लेकर उत्तराखंड और पंजाब सहित समूचे मैदानी राज्यों में तापमान नीचे की तरफ जा रहा है। जम्मू-कश्मीर समेत पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी हो रही है। तापमान शून्य के नीचे होने से नदी-नाले और जल स्रोत जमने लगे हैं। पहाड़ों से आ रही बफीर्ली हवाओं के साथ कोहरे और गिरते तापमान ने मैदानी राज्यों में ठिठुरन बढ़ा दी है। दिन में भी कंपकंपी महसूस की जा रही है। फिलहाल, कड़ाके की ठंड से राहत के आसार नहीं हैं।
पहाड़ों में तापमान शून्य से नीचे
बर्फबारी से उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के गुलमर्ग में पारा शून्य से 8.8 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया। यही हाल हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों का है। लाहौल-स्पीति जिले के ताबो में रात में तापमान शून्य से 10.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। रोहतांग दर्रा, अटल टनल के आसपास बर्फबारी हुई है। कल्पा, कुकुमसरी, नारकंडा समेत कई जगह पारा जमाव बिंदु से नीचे दर्ज किया गया है। उत्तराखंड में केदारनाथ, बदरीनाथ समेत ऊंची पहाड़ियां बर्फ से ढक गई हैं। इन इलाकों में पारा शून्य से तीन डिग्री तक नीचे बना हुआ है।
नारनौल में तीन डिग्री पर पहुंचा पारा
मैदानी राज्यों में पंजाब के बठिंडा और फरीदकोट में न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री, हरियाणा के नारनौल में 3.0 डिग्री, राजस्थान के वनस्थली में 4.1 डिग्री और झारखंड के लोहरदागा में 3.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। जबकि यूपी में कई जिलों के लिए घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी हुआ है।
दिल्ली में सर्द हवाएं, कोहरा भी बढ़ाएगा परेशानी
वहीं राजधानी दिल्ली में अब सर्द हवाओं का सितम दिखेगा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिन तेज सर्द हवाएं चलेंगी। इस बीच सुबह के वक्त मध्यम कोहरे की समस्या वाहन चालकों को परेशान करेगी। मौसम विभाग के मुताबिक, 5 से 8 जनवरी के दौरान दिल्ली के कुछ इलाकों में ठंड बढ़ने का अनुमान है। वहीं, दिल्ली में इन दिनों कड़ाके की ठंड से ठिठुर रहे हैं। गलन भरी हवाओं के चलते सोमवार को दिनभर लोग परेशान रहे।


