अंडमान सागर और निकोबार द्वीप समूह में मानसून की एंट्री, केरल और तमिलनाडु के तटीय इलाकों में प्री मानसून बारिश शुरू
Monsoon Update Today (आज समाज), नई दिल्ली : भारत में इस साल समय से पहले मानसून के दस्तक देने की पूरी संभावना बन चुकी है। भारतीय मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार मानसून अपने सामान्य समय से लगभग पांच दिन आगे चल रहा है। अगले दो-तीन दिनों में इसके अंडमान द्वीप समूह और अरब सागर के बाकी हिस्सों में अच्छी तरह फैलने की पूरी उम्मीद है।
दरअसल मानसून ने अंडमान सागर और निकोबार द्वीप समूह में मानसून ने अपने तय समय से पहले ही दस्तक दे दी है। वहीं दूसरी ओर, अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में भी मानसून पहुंच चुका है। इसी बदलाव की वजह से केरल और तमिलनाडु के तटीय इलाकों में मानसून से पहले वाली अच्छी बारिश शुरू हो गई है। जिससे उम्मीद लगाई जा रही है कि यदि सबकुछ सही से चलता रहा तो मई के अंतिम सप्ताह में मानसून भारत में दस्तक दे सकता है।
देश में दो तरह का सिस्टम एक्टिव
भारत में इस समय मौसम के दो बिल्कुल अलग-अलग रूप देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ जहां अंडमान सागर और निकोबार द्वीप समूह में मानसून ने अपने तय समय से पहले ही दस्तक दे दी है, वहीं दूसरी तरफ उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत भीषण लू की चपेट में है। इस मौसम ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।
एक हिस्से में लोग बारिश का स्वागत कर रहे हैं, तो दूसरे हिस्से में लोग आसमान से बरस रही आग से बचने के तरीके ढूंढ रहे हैं। भारतीय मौसम विभाग ने उत्तर पश्चिम भारत में आने वाले पांच से छह दिन लू चलने का अलर्ट जारी किया है। जिससे तापमान 45 डिग्री पार जाएगा और लोगों को पसीने से दो-चार होना पड़ेगा।
मानसून को लेकर मौसम विभाग ने यह दिया अपडेट
मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार आमतौर पर मानसून एक जून को केरल आता है, लेकिन इस बार इसके छब्बीस मई को ही केरल के तट पर पहुंचने की संभावना है। अभी से ही केरल के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने पटनामथिट्टा और अलाप्पुझा जैसी जगहों पर भारी बारिश का अनुमान जताया है। इसके अलावा, पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भी पिछले चौबीस घंटों में झमाझम बारिश दर्ज की गई है।
ये भी पढ़ें : Kerala CM Oath Ceremony : वीडी सतीसन ने केरल मुख्यमंत्री पद की शपथ ली


