विमान में सवार थे 200 यात्री, उड़ान से पहले ही चालक दल को फ्यूल स्विच में खराबी का पता चला
Air India flight stopped (आज समाज), बंगलूरू : एयर इंडिया के विमान में तकनीकी खामी की आशंका के चलते उड़ान को रोक दिया गया। जिस समय चालक दल ने विमान में खराबी की आशंका जताई उस समय विमान में 200 यात्री सवार थे और वह उड़ान भरने की तैयारी में था। उड़ान भरने से ठीक पहले चालक दल को महसूस हुआ की उड़ान के लिए तैयार एयर इंडिया के बोइंग 787 ड्रीमलाइनर के फ्यूल स्विच में खराबी हो सकती है।
विमान के पायलटों ने ईंधन नियंत्रण स्विच में संभावित खराबी की सूचना दी। जिसके बाद उड़ान को रोक दिया गया। इस मामले पर एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा ह िहमें इस बात की जानकारी है कि हमारे एक पायलट ने बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान के फ्यूल स्विच में संभावित खराबी की सूचना दी है। यह प्रारंभिक सूचना प्राप्त होने के बाद हमने उक्त विमान को उड़ान भरने से रोक दिया है।
लंदन से आई थी उड़ान
जानकारी के अनुसार एयर इंडिया के इस विमान ने रविवार रात नौ बजकर उन्नीस मिनट पर लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट से उड़ान भरी। विमान सोमवार सुबह 11 बजकर 54 मिनट पर बंगलूरू में उतरा। इसके बाद जब यह अगली उड़ान के लिए तैयार हुआ तो चालक दल को फ्यूल स्विच में खराबी की आशंका हुई। मामले पर बोइंग ने कहा कि वह एयर इंडिया के संपर्क में है और इस मामले की समीक्षा में उनका सहयोग कर रहा है। सेफ्टी मैटर्स फाउंडेशन के मुताबिक एअर इंडिया की उड़ान के चालक दल ने बताया कि बोइंग ड्रीमलाइनर के बाएं इंजन के फ्यूल स्विच को चालू करते समय यह ‘रन’ की स्थिति में लॉक होने की जगह ‘कट आॅफ’ होने की ओर बढ़ने लगा। इसकी वजह से उड़ान के दौरान अनजाने में इंजन बंद होने की संभावना बन सकती है।
अहमदाबाद में हुआ था विमान हादसा
ज्ञात रहे कि 12 जून, 2025 को अहमदाबाद में एअर इंडिया के लंदन जा रहे बोइंग 787-8 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में 241 यात्रियों सहित कुल 260 लोगों की मौत हो गई। विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) अहमदाबाद विमान हादसे की जांच कर रहा है। एएआईबी ने अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट में कहा था कि विमान के दोनों इंजनों को ईंधन की आपूर्ति एक सेकंड के अंतराल के भीतर बंद कर दी गई थी। जिसके बाद र्इंधन आपूर्ति रुक गई और हादसा हो गया।
ये भी पढ़ें : Russia on Kashmir Issue : भारत के साथ तनाव बातचीत से हल करे पाकिस्तान : रूस


